भाजपा के मंदिर राग से अलग जदयू के सुर, कहा- विवादित मुद्दों पर नहीं देंगे साथ
बिहार में भाजपा व जदयू बराबर सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। लेकिन जदयू अपनी नीतियों से समझौता नहीं करेगा। राम मंदिर मामले पर भी जदयू का अपना स्टैंड है। जानिए मामला।
पटना [जेएनएन]। आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) व जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की केमिस्ट्री के चर्चे हैं। दोनों ने बिहार में बराबर सीटों पर एक साथ चुनाव लड़ने की घोषणा की है। लेकिन अभी भी विरोध के मुद्दे बरकरार हैं। जदयू ने स्पष्ट किया है कि वह अपनी नीतियों से कोई समझौता करने नहीं जा रहा। पार्टी ने राम मंदिर मामले पर किनारा कर लिया है।
जदयू के प्रवक्ता संजय सिंह ने कहा है कि रामजन्म भूमि मामला विवादित मुद्दा है। इसपर अदालत का जो फैसला होगा, जदयू को स्वीकार होगा। संजय सिंह ने माना कि भाजपा और जदयू के एजेंडे अलग-अलग हैं। जदयू अपनी नीतियों से समझौता कर किसी विवादित मुद्दे पर भाजपा के साथ नहीं है।
विदित हो कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में जदयू सुप्रीमो व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कद बढ़ता दिख रहा है। बिहार में लोकसभा चुनाव में सीट शेयरिंग को लेकर बीते शुक्रवार को नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा अमित शाह से मुलाकात की थी। इसके बाद नीतीश कुमार व अमित शाह ने बताया था कि बिहार में भाजपा व जदयू बराबर सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे।