जोकीहाट इफेक्ट: जदयू की सलाह- भाजपा को अपनी रणनीति में करना होगा बदलाव
जदयू नेता केसी त्यागी ने भाजपा को रणनीति में बदलाव करने की सलाह दी। कहा कि भाजपा एनडीए का नेतृत्व कर रही है। संवादहीनता ठीक नहीं है।
पटना [राज्य ब्यूरो]। एनडीए में अररिया की जोकीहाट विधानसभा सीट पर हार के साइड इफेक्ट दिखने लगे हैं। जदयू के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी ने शुक्रवार को कहा कि भाजपा एनडीए का नेतृत्व कर रही है। लिहाजा भाजपा को अपनी रणनीति में बदलाव करना पड़ेगा। जब जमीन पर काम नहीं होगा तो हमें हमारे एजेंडे पर पुनर्विचार करना होगा। नये सिरे से अपनी रणनीति बनानी होगी। संवादहीनता ठीक नहीं है।
उन्होंने पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में वृद्धि पर केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमत ने भी लोगों को एनडीए के खिलाफ कर दिया। केंद्र सरकार पेट्रोलियम पदार्थों के दाम को घटाए।
उन्होंने जोकीहाट की हार पर कहा कि जिन्ना पर गन्ना भारी पड़ गया। उपचुनावों के नतीजे हमारे लिए चुनौती हैं। विपक्ष बहुत उत्साह में है। हमें भी इतना ही उत्साही बनना होगा। जहां तक सवाल जोकीहाट के चुनाव परिणाम का है तो यह ना तो जदयू की हार है, और ना राजद की जीत है। जोकीहाट की जनता ने मोहम्मद तस्लीमुद्दीन को श्रद्धांजलि दी है।
उन्होंने कहा कि दलितों के सवाल पर जैसा काम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में किया है, वैसा काम नहीं हो पाया। कैराना में गन्ना किसानों का 8000 करोड़ का बकाया है। गन्ना मंत्री सुरेश राणा यहीं के हैं लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। कैराना में सपा-बसपा की बूथ केमिस्ट्री मजबूत दिखी।