जदयू ने किया राजद पर हमला, संजय सिंह बोले- 15 हजार करोड़ की कमाई का स्रोत बताएं तेजस्वी यादव
जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने तेजस्वी यादव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जी आप अपराध के बारे में ना ही बोले तो बेहतर हैं। बिहार की जनता ने आपके परिवार के 15 साल देखे हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना: जदयू के मुख्य प्रवक्ता संजय सिंह ने तेजस्वी यादव पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव जी, आप अपराध के बारे में ना ही बोले तो बेहतर हैं। बिहार की जनता ने आपके परिवार के 15 साल देखे हैं। आपके परिवार के शासन में अपराधी ही कानून बनाते थे और अपराधी ही शासन चलाते थे। जब से नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने हैं, तब से बिहार में कानून व्यवस्था कायम हुई है। अपराध में भारी कमी आई है। जदयू प्रवक्ता ने तंज करते हुए कहा कि आप इतने ही ईमानदार हैं, तो पहले अपने ऊपर लगे आरोपों का जवाब दीजिए।
इतनी कम उम्र 54 संपत्तियों के मालिक कहां से?
संजय सिंह ने कहा कि 15 हजार करोड़ की कमाई का स्रोत बताइए? इतनी कम उम्र में 54 संपत्तियों के मालिक बने हैं, वो कैसे बनाई? मॉल, मिट्टी, चारा, अलकतरा, जमीन घोटाले का जो आरोप लगा है, उसका भी तो सार्वजनिक सभा में जवाब दीजिए। आपको समय देने की जरूरत नहीं है, आप तारीख पर हैं। कभी भी 'बड़े घरÓ से बुलावा आ सकता है। आप देखिए, आपको कितनी तारीख मिली कोर्ट से और आप किस तारीख पर जेल जाएंगे। आप अपने लिए तारीख तय कीजिए। नीतीश कुमार को बिहार की जनता ने पांच साल के लिए अपना मत दे दिया है। आप अपनी चिंता कीजिए। मिनिमम एजुकेशन में मैक्सिमम करप्शन का जो कीर्तिमान आपने बनाया है वह अब किसी से नहीं छिपा। आपके परिवार की नीति मैक्सिमम करप्शन, मैक्सिमम स्कैम के जरिये मैक्सिमम प्रोपर्टी बनाने की रही है। इस कुकृत्य का नतीजा भी मैक्सिमम पनिशमेंट ही होगा।
नीतीश पर राजद ने किया था हमला
इसके पहले मंत्रिमंडल विस्तार में भारतीय जनता पार्टी का प्रस्ताव नहीं आने के कारण विलंब होने की बात पर राजद ने नीतीश कुमार पर हमला किया था। आरजेडी नेता विजय प्रकाश ने कहा था कि बीजेपी नीतीश कुमार को घेरने में जुट गई है। बीजेपी का मकसद नीतीश कुमार के JDU को 13 सीटों पर लाना है। विजय प्रकाश ने कहा कि अभी भी समय है, वे तेजस्वी यादव का बिहार में राजतिलक कर खुद देश की राजनीति में चले जाएं।