बिहार में टूट गया जेडीयू व बीजेपी का गठबंधन, कल महागठबंधन सरकार के सीएम बनेंगे नीतीश
Bihar Political Crisis बिहार की एनडीए सरकार के गिरने की औपचारिक घोषणा हो चुकी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफा को राज्यपाल फागू चौहान ने स्वीकार कर लिया है। अब वे कल महागठबंधन की नई सरकार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं।
पटना, स्टेट ब्यूरो। Bihar Political Crisis: बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे के साथ गिर गई है। राज्यपाल से मिलकर इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने कहा कि अब कल (बुधवार) को महागठबंधन की सरकार में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। उनके साथ तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसके पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह (Lalan Singh) तथा पार्टी के संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा (Upendra Kushwaha) ने भी जेडीयू के एनडीए से अलग होने की घोषणा की थी। नीतीश कुमार के इस कदम को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार की जनता से धोखा बताया है।
जेडीयू की बैठक में एनडीए छोड़ने का फैसला
मंगलवार का दिन एनडीए के लिए निर्णायक साबित हुआ। मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित जेडीयू की बैठक में विधायकों ने बीजेपी के रवैये पर नाराजगी जताई। इसके साथ आरसीपी सिंह को लेकर भी विधायकों ने आक्रोश जताया। आरसीपी सिंह पर पार्टी को कमजोर करने का आरोप लगाया गया। बैठक में बीजेपी से अलग सरकार बनाने का निर्णय लिया गया। विधायकों ने नीतीश कुमार को नए गठबंधन के लिए अधिकृत किया।
बीजेपी पर लगाया पीठ में छूरा घोंपने का आरोप
बैठक में विधायकों से नीतीश कुमार ने कहा कि बीजेपी ने हमेशा जेडीयू को कमजोर करने की कोशिश की। हमेशा अपमानित भी किया। बैठक के बाद उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर जेडीयू के एनडीए से अलग होने की जानकारी दी। जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने बीजेपी पर पीठ में छूरा घोंपने का आरोप लगाया।
महागठबंधन के दल नई सरकार में होंगे शामिल
इस बीच महागठबंधन की नई सरकार का फार्मूला तय हो चुका है। पांच विधायक पर एक मंत्री का फार्मूला तय किया गया है। बताया जा रहा है कि आरजेडी व कांग्रेस से एक-एक उपमुख्यमंत्री रहेंगे। इनमें आरजेडी से तेजस्वी यादव का नाम तय है। तेजस्वी को गृह मंत्रालय भी दिए जाने की बात कही जा रही है। सरकार में महागठबंधन के घटक दल शामिल होंगे। इसके पहले राबड़ी आवास पर महागठबंधन के विधायकाें की बैठक में नीतीश कुमार को समर्थन देने पर सहमति बनी।
नीतीश बनेंगे मुख्यमंत्री, तेजस्वी रहेंगे उपमुख्यमंत्री
तेजस्वी यादव ने कहा कि विधयकों की इच्छा थी बड़े दल के रूप में आरजेडी का मुख्यमंत्री हो, लेकिन अभी बहुत लड़ाई बाकी है। इस बयान से स्पष्ट है कि तेजस्वी नई सरकार में उपमुख्यमंत्री बनेंगे। जबकि, नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बने रहेंगे। नीतीश कुमार के आग्रह को राज्यपाल ने स्वीकार कर लिया है। राजभवन ने नीतीश कुमार की नई सरकार के गठन के लिए समय दे दिया है। उसके अनुसार कल नीतीश कुमार मुख्यमंत्री और तेजस्वी यादव उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने बताया जनता से धोखा
बीजेपी नेता पूरे घटनाक्रम पर नजर रखते हुए जेडीयू की एनडीए छोड़ने की घोषणा तक बयान देने से बचते रहे। आज दिन में मंत्री शाहनवाज हुसैन ने किसी जानकारी से इनकार किया। लेकिन जेडीयू की घोषणा के बाद अब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष डा. संजय जायसवाल ने नीतीश कुमार पर बीजेपी व जनता को धोखा देने का आरोप लगाया है। इसके पहले केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने नीतीश कुमार के लिए कहा कि विनाश काल में उनका विवेक मर गया है।