जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से मांग रहे थे पैसे, छह सपेरे पकड़े गए; दिघवारा में उतारा
जनसेवा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में यात्रियों से सांप दिखाकर पैसे मांगने वाले छह सपेरों को रेलमदद शिकायत के बाद ...और पढ़ें

सामान्य कोच में यात्रियों के बीच दिखा रहे थे सांप
HighLights
जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर पैसे मांग रहे थे सपेरे।
रेलमदद शिकायत पर आरपीएफ ने दिघवारा में छह को पकड़ा।
रेलवे ने इसे अवैध गतिविधि बताया, कानूनी कार्रवाई जारी।
जागरण संवाददाता, पटना। जनसेवा एक्सप्रेस के सामान्य कोच में यात्रियों के बीच सांप दिखाकर पैसे मांगना छह सपेरों को महंगा पड़ गया। रेलमदद पर मिली शिकायत के बाद आरपीएफ ने ट्रेन में निगरानी बढ़ाई और कार्रवाई करते हुए सभी छह को दिघवारा स्टेशन पर उतार लिया। मामला पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल से जुड़ा है।
ट्रेन संख्या 14618 जनसेवा एक्सप्रेस में सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगने की सूचना रेलमदद के माध्यम से मिली थी। सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए दिघवारा स्थित आरपीएफ सोनपुर आउटपोस्ट के उपनिरीक्षक शमशेर कुमार और सहायक उपनिरीक्षक विजय कुमार ट्रेन की निगरानी कर रहे थे।
सामान्य कोच में यात्रियों के बीच दिखा रहे थे सांप
पूर्व मध्य रेल के सीपीआरओ सरस्वती चन्द्र ने बताया कि छपरा स्टेशन से ट्रेन के रवाना होने के बाद सामान्य कोच की जांच की गई।
इसी दौरान छह लोग यात्रियों के बीच सांप दिखाकर पैसे मांगते मिले। आरपीएफ ने उन्हें ऐसा करने से रोका और ट्रेन के अगले निर्धारित ठहराव दिघवारा स्टेशन पर सभी छह को उतार लिया।
आरपीएफ की कार्रवाई के बाद यात्रियों के बीच भी राहत दिखी। रेलवे ने स्पष्ट किया कि ट्रेनों में इस तरह सांप दिखाकर यात्रियों से पैसे मांगना अवैध गतिविधि के दायरे में आता है।
नाम-पते पर भी सवाल, अलग-अलग जानकारी दे रहे थे
पूछताछ के दौरान पकड़े गए छह लोगों ने अपने नाम और पते की स्पष्ट जानकारी नहीं दी। उन्होंने अपने निवास स्थान के बारे में अलग-अलग जानकारी बताई, जिसमें लखनऊ और हिमाचल प्रदेश का भी उल्लेख किया गया। इसके बाद आरपीएफ ने उनके बताए नाम-पते का सत्यापन शुरू कर दिया है।
मामले की जानकारी वन विभाग को भी दी गई है। संबंधित प्रावधानों के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही है।
रेलमदद पर शिकायत मिलते ही हरकत में आया आरपीएफ
इस कार्रवाई में रेलमदद के जरिए मिली सूचना अहम रही। शिकायत मिलने के बाद आरपीएफ ने ट्रेन की निगरानी की और सामान्य कोच में संदिग्ध गतिविधि की पुष्टि होने पर छह लोगों को ट्रेन से उतार दिया।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि ट्रेन में सांप दिखाकर पैसे मांगने या इस तरह की किसी अन्य गतिविधि की जानकारी तत्काल रेलमदद या रेलवे सुरक्षा बल को दें। समय पर सूचना मिलने से ऐसी गतिविधियों पर कार्रवाई की जा सकती है।
