गांधी सेतु पर रात में कई वाहन खराब, भीषण जाम
राजधानी को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार की देर रात जाम लग गया।
पटना सिटी । राजधानी को उत्तर बिहार से जोड़ने वाले महात्मा गांधी सेतु पर सोमवार की देर रात एक के बाद एक कई वाहनों के खराब होकर रुकने से जाम लग गया। सेतु के एक मात्र पूर्वी लेन से ही सभी तरह के वाहनों की आवाजाही होने के कारण खराब वाहनों को क्रेन से खींच कर निकालने में समस्या उत्पन्न हुई। कई घंटों के प्रयास के बाद खराब वाहनों को करीब पांच किलोमीटर लंबे ¨सगल लेन से बाहर निकाला गया। मंगलवार की सुबह करीब चार बजे वाहनों की आवाजाही जैसे ही इस लेन पर सामान्य हुई कि गाड़ियों के ओवरटेक करने से फिर जाम लग गया। सुबह दस बजे तक वाहनों की कतार सेतु पर लगी रही। दोपहर बाद तक जाम में सैकड़ों वाहन फंसे रेंगते रहे।
रात से ही वाहनों के गांधी सेतु पर रुकने तथा परिचालन शुरू होने के कई घंटों बाद तक वाहनों का दबाव सेतु पर बना रहा। जाम का असर पटना-मसौढ़ी रोड, जीरा माइल, अगमकुआं रोड, छोटी पहाड़ी, एनएच पर भी पड़ा। यहां भी वाहनों की कतार लगी रही। जाम में फंसे वाहनों के यात्री परेशान होते रहे।
जाम की सूचना पाकर पहुंचे ट्रैफिक डीएसपी मनमोहन गांधी ने दलबल के साथ मोर्चा संभाला। वो वाहनों को नियंत्रित करने में लगे रहे। वहीं जीरो माइल स्थित यातायात थाना के अध्यक्ष सतीश कुमार भी पहाड़ी, जीरो माइल एवं एनएच पर लगे जाम में फंसे वाहनों को निकालते नजर आए। दूसरी ओर, हाजीपुर स्थित गंगा थाना के अध्यक्ष शहनवाज खां भी पुलिस कर्मियों एवं होमगार्ड जवानों के साथ सेतु पर रुके वाहनों को नियंत्रित करने में लगे रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पाया संख्या 14, 22, 23 पर रात में ट्रक खराब हो गया। बाद में भी कई वाहन खराब होकर ¨सगल लेन में रुकते रहे। इससे जाम की समस्या बनी रही।
- सेतु से बीएमपी के जवान हटे, होमगार्ड के हाथों में कमान
सेतु पर पांच किलोमीटर दूरी तक के ¨सगल पूर्वी लेन पर वाहनों के खराब होकर रुकने और ओवरटेक से जाम लगने की समस्या अब गहराने लगी है। तैनात पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि हाजीपुर क्षेत्र के सेतु पर 66 होमगार्ड जवानों को तीनों पाली में तैनात किया गया है। चालक इन जवानों के दिशा-निर्देश को नजरअंदाज कर मन मुताबिक वाहनों का परिचालन करता है। मोटरसाइकिल व चार पहिया वाहनों के ओवरटेक करने से जाम गहरा जाता है। पदाधिकारी ने बताया कि पाया संख्या एक से लेकर 46 तक पूर्व में तैनात बीएमपी के जवानों को हटा लिया गया है। दिन की पाली में कॉम्यूनिटी पुलिस को सेतु पर लगाया गया है। रात में इनकी सेवा समाप्त कर दी गई है। बीएमपी जवान की सेतु पर तैनात बेहद जरूरी है।