यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 25, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Jagran Journalist Death Case: मांझी ने की बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग,बोले CM की शह पर हो रहे कांड
हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए बिहार में ...और पढ़ें

पटना,राज्य ब्यूरो। हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने बिगड़ती कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए बिहार में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग की है। गुरुवार को मांझी ने कहा कि पत्रकार और दारोगा की हत्या हो जा रही। जिस भाई की हत्या का गवाह भाई था, उसे मार दिया जा रहा है। अनुसूचित जाति-जनजाति से जुड़े कांडों में भी गवाहों पर दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री की शह पर राजद के द्वारा यह प्रताड़ना की जा रही है। शराबबंदी की आलोचना करते हुए मांझी ने कहा कि यह गरीबों को प्रताडि़त करने के लिए बनाया गया कानून है। बड़े तस्कर व अमीर लोगों को इससे कोई नुकसान नहीं है। नीतीश सरकार में पहले 2005 में गांव-गांव में शराब की दुकानें खोली गईं और फिर शराबबंदी लागू कर उसका प्रायश्चित किया जा रहा है, मगर शराबबंदी कहीं नहीं है। बस कानून बना दिया गया है। उन्होंने ताड़ी को शराब से अलग बताते हुए इस पर से रोक हटाने की मांग की।
