Move to Jagran APP

स्वाद संग किसानों की समृद्धि भी बढ़ाएगा तरबूज से बना गुड़, किसानों को ऐसे होगा लाभ

Good News बिहार में कृषि विज्ञानियों का नवाचार कम गन्ने के गुड़ की तुलना में ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम। अगले सीजन में उत्तर बिहार के किसानों को जिलों में स्थापित कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।

By Sanjay PokhriyalEdited By: Published: Wed, 22 Jun 2022 06:13 PM (IST)Updated: Wed, 22 Jun 2022 06:13 PM (IST)
स्वाद संग किसानों की समृद्धि भी बढ़ाएगा तरबूज से बना गुड़, किसानों को ऐसे होगा लाभ
समस्तीपुर के डा. राजेंद्र प्रसाद विश्वविद्यालय में गुड़ तैयार करने से पहले तरबूज के जूस की जांच करता कर्मी।

अमरेंद्र तिवारी, मुजफ्फरपुर: गन्ना और खजूर के बाद अब तरबूज से बना गुड़ खाने को मिलेगा। बिहार के समस्तीपुर के पूसा स्थित डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय के ईख अनुसंधान संस्थान के विज्ञानियों यह नवाचार किया है। उन्होंने तरबूज से तरल गुड़ बनाया है। अब इस पर आगे कार्य चल रहा है। यह अगले वर्ष बिक्री के लिए बाजार में उपलब्ध होगा। विज्ञानियों का कहना है कि गुड़ मधुमेह रोगियों के लिए भी उपयुक्त हो सकता है। यह किसानों की आर्थिकी भी बेहतर करेगा।

loksabha election banner

पिछले वर्ष शुरू हुआ शोध: तरबूज से गुड़ बनाने पर शोध की शुरुआत पिछले वर्ष जून में हुई थी। विभिन्न स्तरों पर जांच और शोध के बाद तरल गुड़ बनाने में सफलता मिली। अब इसमें ग्लाइसेमिक इंडेक्स की जांच की जा रही है। इससे पता चल सकेगा कि इसके सेवन के बाद रक्त में ग्लूकोज की मात्रा कितने समय में बढ़ेगी। आमतौर पर तरबूज में ग्लाइसेमिक इंडेक्स 72 होता है, जबकि ईख के गुड़ में 84.4 होता है। अंतिम परिणाम के बाद ही पता चल सकेगा कि तरबूज के गुड़ में ग्लाइसेमिक इंडेक्स और पोषक तत्व कितने हैं।

समस्तीपुर के पूसा स्थित डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में गुड़ तैयार करने से पहले निकाला गया तरबूज का जूस। सौ. संस्थान

इस तरह करते तैयार: शोध से जुड़े विज्ञानी डा. अनुपम अमिताभ ने बताया कि तरबूज से बीज अलग कर पल्प की पेराई के लिए पल्पर नामक मशीन की जरूरत पड़ती है। इसके बाद जूस को बायलर टैंक में भेजा जाता है। वहां 100 डिग्री सेल्सियस तक गर्म करने पर यह गाढ़ा तरल (अर्ध ठोस) अवस्था में तब्दील हो जाता है। सामान्य तापमान होने के बाद बोतल में भरा जाता है। एक हजार किलो तरबूज में करीब 80 से 90 किलोग्राम तरल गुड़ तैयार हो रहा है। इसमें कोई और तत्व नहीं मिलाया जाता है। सामान्य तापमान पर यह एक साल तक खराब नहींं होगा। विश्वविद्यालय ने अभी इसका भाव तय नहीं किया है।

बनाया जा रहा मुरब्बा: ईख अनुसंधान संस्थान के निदेशक डा. अनिल कुमार सिंह का कहना है कि विश्वविद्यालय में तरबूज के छिलके और पल्प के बीच मौजूद सफेद हिस्से से मुरब्बा भी तैयार किया जा रहा है। इसे सामान्य तरीके से ही बनाया जा रहा है। अगर तरबूज के विभिन्न हिस्सों का प्रयोग किया जाए तो किसानों व इससे संबंद्ध उद्योमियों को अच्छी कमाई हो सकती है। उनका कहना है कि गन्ने से गुड़ बनाने का काम अप्रैल तक पूरा हो जाता है। इसके बाद इससे जुड़े सामान की उपयोगिता खत्म हो जाती है। इन सामान का प्रयोग तरबूज से गुड़ बनाने में किया जा सकेगा।

डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में तरबूज से तैयार तरल गुड़। सौ. संस्थान

किसानों को ऐसे होगा लाभ: कुलपति डा. आरसी श्रीवास्तव का कहना है कि राज्य में 4.60 हजार हेक्टेयर में तरबूज की खेती होती है। करीब 49 हजार टन उत्पादन होता है। शुरुआती महीने में तो इसकी अच्छी कीमत मिल जाती है, लेकिन वर्षा शुरू होते ही तरबूज खराब होने लगते हैं। किसान भी इसे खेत में ही छोड़ देते हैं। इसे देखते हुए शोध शुरू किया गया। अगले सीजन में उत्तर बिहार के किसानों को जिलों में स्थापित कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.