कौन हैं IPS जितेंद्र कुमार? बिहार से केंद्र तक का सफर, अब संभालेंगे RPF के DG की कमान
बिहार कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। ...और पढ़ें

वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार
HighLights
IPS जितेंद्र कुमार RPF के नए महानिदेशक नियुक्त।
31 मार्च 2030 तक संभालेंगे RPF महानिदेशक का पदभार।
बिहार में तीन महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी छोड़ेंगे।
राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार कैडर के वरिष्ठ IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का नया महानिदेशक नियुक्त किया गया है। केंद्र सरकार ने उनकी नियुक्ति को मंजूरी देते हुए आदेश जारी कर दिया है। वह मौजूदा DG सोनाली मिश्रा का स्थान लेंगे, जिनका कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को पूरा हो रहा है। जितेंद्र कुमार का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तारीख से 31 मार्च 2030 तक या अगले आदेश तक रहेगा।
बिहार में तीन अहम पदों की जिम्मेदारी
जितेंद्र कुमार फिलहाल बिहार पुलिस के केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष हैं। इसके साथ ही उनके पास बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी है।
बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष केएस द्विवेदी के अवकाश पर जाने के बाद राज्य सरकार ने इस पद की जिम्मेदारी भी उन्हें सौंपी है।
33 साल का पुलिसिंग अनुभव
1993 बैच के IPS अधिकारी जितेंद्र कुमार को पुलिस सेवा में करीब 33 वर्षों का अनुभव है। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले जितेंद्र कुमार बिहार पुलिस मुख्यालय और अपराध अनुसंधान विभाग (CID) में अतिरिक्त महानिदेशक (ADG) के पद पर भी काम कर चुके हैं। पिछले साल उन्हें DG रैंक में प्रोन्नति दी गई थी।
केंद्रीय प्रतिनियुक्ति से बिहार में नई जिम्मेदारियों का सवाल
जितेंद्र कुमार के RPF महानिदेशक बनने के बाद बिहार में उनके पास मौजूद तीन पदों की जिम्मेदारी दूसरे अधिकारियों को सौंपनी होगी। ऐसे में राज्य सरकार को केंद्रीय चयन पर्षद, BSAP और बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के कामकाज के लिए नई व्यवस्था करनी पड़ेगी।
RPF में क्या होगी नई भूमिका?
रेलवे सुरक्षा बल देशभर में रेलवे की संपत्तियों की सुरक्षा और रेल परिसरों में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
महानिदेशक के रूप में जितेंद्र कुमार के सामने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और यात्रियों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी होगी।
