Bihar Lockdown Update News: कैमूर के बाद गोपालगंज से शुरू हुई कामगारों के लिए अंतरजिला तीन ट्रेनें
बिहार सरकार ने कैमूर बाद अब गोपालगंज बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से पैदल आने वाले कामगारों को गृह जिले में पहुंचाने के लिए तीन ट्रेनें चलाई गईं।
पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार सरकार ने कैमूर बाद अब गोपालगंज बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से पैदल आने वाले कामगारों को गृह जिले में पहुंचाने के लिए तीन ट्रेनें चलाई गईं। दो ट्रेनों की सेवा शनिवार को शुरू हो गई, जबकि तीसरी ट्रेन की सेवा रविवार को मधुबनी के लिए शुरू होगी। तीनों ट्रेन का ठहराव विभिन्न जिलों के चार स्टेशनों पर होगा।
परिवहन सचिव संजय कुमार अग्रवाल ने बताया कि 12 और 13 मई से कैमूर बॉर्डर पर दूसरे राज्यों से पैदल आने वाले प्रवासियों को विभिन्न जिलों में भेजने के लिए दो स्पेशल ट्रेनें की शुरू की गई थीं। अब गोपालगंज के जलालपुर स्टेशन से तीन ट्रेनों का परिचालन शुरू किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर कुल पांच ट्रेनें प्रवासी कामगारों के लिए चलाई जा रही हैं।
8500-9000 कामगार कर सकेंगे सफर
दोनों जिलों के बॉर्डर पर पैदल आने वालों की संख्या को देखते हुए पांच ट्रेनों से औसतन हर दिन 8500-9000 प्रवासी कामगारों को गंतव्य तक पहुंचाने का इंतजाम किया गया है। गोपालगंज के जलालपुर स्टेशन से सुबह 9:30 बजे पहली ट्रेन सुपौल जंक्शन के लिए चलेगी। इस ट्रेन का ठहराव समस्तीपुर, खगडिय़ा एवं सहरसा जंक्शन पर होगा। समस्तीपुर जंक्शन पर समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी और मुजफ्फरपुर जिले के यात्री उतरेंगे। खगडिय़ा जंक्शन पर खगडिय़ा, बेगूसराय,भागलपुर, बांका के यात्री उतरेंगे। सहरसा जंक्शन पर सहरसा और मधेपुरा के यात्री उतरेंगे। सुपौल जंक्शन पर सुपौल जिले के यात्री उतरेंगे।
इसी तरह, दूसरी ट्रेन सुबह 11 बजे हाजीपुर, बरौनी और पूर्णिया होते हुए अररिया जंक्शन जाएगी। इन चारों स्टेशन को ठहराव स्टेशन बनाया गया है। हाजीपुर में वैशाली व पटना जिले के यात्री उतरेंगे। बरौनी जंक्शन पर खगडिय़ा, बेगूसराय, शेखपुरा, लखीसराय और मुंगेर के यात्री उतरेंगे। पूर्णिया जंक्शन पर किशनगंज और पूर्णिया के यात्री उतरेंगे। अररिया जंक्शन पर अररिया जिले के यात्री उतरेंगे।
तीसरी ट्रेन जलालपुर स्टेशन से दोपहर एक बजे चलेगी। यह छपरा, समस्तीपुर, दरभंगा होते हुए मधुबनी पहुंचेगी। छपरा जंक्शन पर छपरा और हाजीपुर के यात्री उतरेंगे। समस्तीपुर जंक्शन पर समस्तीपुर, बेगूसराय और मुजफ्फरपुर के यात्री उतरेंगे। दरभंगा जंक्शन पर दरभंगा और सीतामढ़ी जिले के यात्री उतरेंगे। मधुबनी जंक्शन पर मधुबनी और सुपौल के यात्री उतरेंगे।