इंडिगो की फ्लाइट ग्राउंडेड, दूसरे विमान से कोलकाता रवाना हुए यात्री
इंडिगो की लखनऊ से पटना आने वाली फ्लाइट खराबी के कारण बुधवार को जयप्रकाश नारायण हवाईअड्उे पर ग्राउंडेड हो गई।
पटना । इंडिगो की लखनऊ से पटना आने वाली फ्लाइट खराबी के कारण बुधवार को जयप्रकाश नारायण एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड हो गई। देर शाम तक फ्लाइट की खराबी को ठीक नहीं किया जा सका। इस कारण यह वापस कोलकाता के लिए उड़ान नहीं भर सकी। इस फ्लाइट के यात्रियों को चार घंटे बाद दूसरे विमान से कोलकाता भेजा गया। इस दौरान यात्री काफी परेशान रहे। यात्रियों की परेशानी को देखते हुए इंडिगो प्रबंधन ने दूसरे विमान की व्यवस्था कराई।
जानकारी के अनुसार इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई 634 ने लखनऊ से सुबह 8.10 बजे की बजाय 9.20 बजे पटना के लिए उड़ान भरी और 10 बजे पटना एयरपोर्ट पर लैंड कर गई। इस विमान को 9.45 बजे कोलकाता के लिए उड़ान भरनी थी। विमान में लगभग 150 यात्री सवार भी हो गए। तभी सूचित किया गया कि इंजन में तकनीकी खराबी आ गई है। इस कारण थोड़ी देर बाद विमान कोलकाता के लिए उड़ान भरेगा। सारे यात्रियों को विमान से उतारकर वापस टर्मिनल भवन भेज दिया गया। काफी देर तक विमान में आई तकनीकी खराबी दूर नहीं की जा सकी। इधर, सिक्योरिटी होल्ड एरिया में बैठे यात्री विमान प्रबंधन पर वैकल्पिक व्यवस्था करने के लिए दबाव बनाने लगे। यात्रियों के दबाव पर 14.22 बजे दूसरे विमान से इन यात्रियों को कोलकाता के लिए रवाना किया जा सका। 15.06 बजे विमान कोलकाता पहुंच गया। इस क्रम में यात्रियों को एयरपोर्ट परिसर में ही लंच कराया गया। वहीं पटना में देर रात तक इंजन में आई खराबी को दूर कर इस विमान के उड़ान भरने की बात कही जा रही है।