विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Delhi-Patna Flight पटना जाने वाली इंडिगो फ्लाइट अचानक लौटी दिल्ली, सैकड़ों यात्रियों की यात्रा अधूरी

Published: Thu, 15 Jan 2026 08:38 AM (IST)

दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लौट ...और पढ़ें

तकनीकी खराबी से लौट आई दिल्ली–पटना इंडिगो फ्लाइट

तकनीकी खराबी से लौट आई दिल्ली–पटना इंडिगो फ्लाइट

HighLights

  1. दिल्ली से पटना जा रही इंडिगो फ्लाइट तकनीकी खराबी से लौटी।

  2. लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, दिल्ली वापसी।

  3. सैकड़ों यात्रियों को असुविधा, अगले दिन की उड़ान में समायोजन।

जागरण संवाददाता, पटना। हवाई यात्रियों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार को नई दिल्ली से पटना आने वाली इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट तकनीकी खराबी के कारण बीच रास्ते से ही वापस दिल्ली लौट आई। इस घटना से विमान में सवार यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा और एयरलाइंस की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।

जानकारी के अनुसार, बुधवार 14 जनवरी को दोपहर करीब 2:20 बजे दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-2 से पटना के लिए रवाना हुई इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-2425 ने तय समय पर उड़ान भरी थी।

उड़ान के लगभग आधे घंटे बाद ही विमान में तकनीकी खराबी से संबंधित संकेत मिलने लगे। पायलट ने सुरक्षा को देखते हुए लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी, लेकिन वहां लैंडिंग स्लॉट उपलब्ध नहीं होने के कारण अनुमति नहीं मिल सकी।

इसके बाद पायलट ने यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विमान को वापस दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारने का निर्णय लिया।

अचानक विमान के वापस लौटने की सूचना मिलने से यात्रियों में घबराहट और नाराजगी देखी गई। दिल्ली लौटने के बाद यात्रियों को पटना जाने के लिए तत्काल कोई वैकल्पिक उड़ान उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा।

एयरलाइंस की ओर से बाद में यह बताया गया कि सभी यात्रियों को गुरुवार सुबह की फ्लाइट में समायोजित किया जाएगा और उसके लिए टिकट उपलब्ध कराए जाएंगे।

फ्लाइट में पटना और आसपास के जिलों के कई प्रमुख यात्री सवार थे। इनमें जमुई के सांसद अरुण भारती, संपतचक प्रखंड के दरियापुर कुरथौल के पूर्व मुखिया पति रॉकी कुमार उर्फ रॉकी मुखिया, संपतचक नगर परिषद के वार्ड संख्या-12 के वार्ड पार्षद प्रतिनिधि अजीत कुमार समेत बड़ी संख्या में अन्य यात्री शामिल थे।

पूर्व मुखिया पति रॉकी कुमार ने बताया कि वे अपने बेटे को देहरादून स्थित स्कूल में छोड़ने के बाद दिल्ली से पटना लौट रहे थे, लेकिन अचानक तकनीकी खराबी के कारण उनकी यात्रा अधूरी रह गई।

दिल्ली पहुंचने के बाद कई यात्रियों को मजबूरन होटल में ठहरना पड़ा, जबकि कुछ यात्रियों ने टिकट रद कर अन्य एयरलाइंस से यात्रा करने का विकल्प चुना। कई यात्रियों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए रिफंड और बेहतर व्यवस्था की मांग की।

यात्रियों का कहना है कि इंडिगो की उड़ानों में बार-बार सामने आ रही तकनीकी दिक्कतें चिंता का विषय बनती जा रही हैं। ऐसी घटनाओं से यात्रियों का समय, पैसा और मानसिक शांति तीनों प्रभावित हो रही हैं।