Move to Jagran APP

पटना जंक्शन पर देश का सबसे बड़ा यात्री प्रतीक्षालय, महिला और छात्रों के लिए विशेष सुविधा

पूर्व-मध्य रेल के दानापुर मंडल के पटना जंक्शन पर देश का सबसे बड़ा यात्री प्रतीक्षालय बनाया गया है। रेलवे रिजर्वेशन काउंटर के नीचे 10 हजार वर्गफीट में बने इस यात्री प्रतीक्षालय के एक हिस्से में अत्याधुनिक कैफेटेरिया भी बनकर तैयार है।

By Akshay PandeyEdited By: Published: Mon, 22 Feb 2021 09:22 PM (IST)Updated: Mon, 22 Feb 2021 09:22 PM (IST)
पटना जंक्शन पर देश का सबसे बड़ा यात्री प्रतीक्षालय, महिला और छात्रों के लिए विशेष सुविधा
पटना जंक्शन के प्रतीक्षालय में बैठे लोग। जागरण।

चंद्रशेखर, पटना : पूर्व-मध्य रेल के दानापुर मंडल के पटना जंक्शन पर देश का सबसे बड़ा यात्री प्रतीक्षालय बनाया गया है। रेलवे रिजर्वेशन काउंटर के नीचे 10 हजार वर्गफीट में बने इस यात्री प्रतीक्षालय के एक हिस्से में अत्याधुनिक कैफेटेरिया भी बनकर तैयार है। 2500 वर्गफीट में कैफेटेरिया का निर्माण किया गया है। वीआइपी यात्रियों के बैठने के लिए विशेष रूप से लाउंज का निर्माण किया जा रहा है। इस लाउंज में एक साथ 100 से अधिक यात्री बैठ सकते हैं। पूर्णत: वातानुकूलित इस यात्री प्रतीक्षालय में एक साथ 800 से अधिक यात्री बैठ सकेंगे। 

loksabha election banner

दूसरा सबसे बड़ा यात्री प्रतीक्षालय भी पटना जंक्शन पर

देश का दूसरा सबसे बड़ा यात्री प्रतीक्षालय भी पटना जंक्शन के पार्सल घर के पास बनाया गया है। इसमें एक साथ 350 से अधिक यात्रियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। इस प्रतीक्षालय को भी पूर्णत: वातानुकूलित बनाया गया है। 6000 वर्गफीट में बने इस प्रतीक्षालय में यात्रियों के बैठने के लिए 150 से अधिक कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके साथ ही बीच का बड़ा भाग ऐसे यात्रियों के लिए छोड़ दिया गया है जहां वे चादर बिछाकर बैठ सकते हैं। 

सबसे बड़े प्रतीक्षालय में लगाई गई हैं 400 कुर्सियां

पटना जंक्शन पर बने देश के सबसे बड़े प्रतीक्षालय में यात्रियों के बैठने के लिए 400 के आसपास कुर्सियां लगाई गई हैं। इसके साथ ही काफी जगह को खाली रखा गया है जहां 400 से अधिक यात्री चादर अथवा प्लास्टिक बिछाकर आराम कर सकेंगे। इस प्रतीक्षालय में एक साथ 200 से अधिक यात्री अपने मोबाइल को चार्ज कर सकते हैं। 

प्रतीक्षालय को बनाया गया है इको फ्रेंडली 

पटना जंक्शन पर बने देश के सबसे बड़े यात्री प्रतीक्षालय को पूरी तरह इको फ्रेंडली बनाया गया है। सौर ऊर्जा से इस प्रतीक्षालय को रोशन किया जा रहा है। सारे एसी भी सौर ऊर्जा से संचालित किये जा रहे हैं। 

मुफ्त वाई-फाई की सुविधा

इस वेटिंग रूम में आराम करने वाले यात्रियों के लिए मुफ्त वाई-फाई की सुविधा मुहैया कराई जा रही है। कोई भी यात्री आधे घंटे तक मुफ्त वाई-फाई की सुविधा का लाभ उठा सकता है। इसके बाद यात्रियों को शुल्क लगेगा। 

महिलाओं के लिए ब्रेस्ट फीडिंग कराने की सुविधा

इस प्रतीक्षालय में महिला यात्रियों के लिए अलग से अपने बच्चे को दूध पिलाने के लिए ब्रेस्ट फीडिंग कक्ष बनाया गया है। पहले उन्हें भीड़भाड़ में बच्चों को दूध पिलाने में परेशानी होती थी। 

कैफेटेरिया व वीआइपी लाउंज शीघ्र होगा शुरू

स्टेशन निदेशक डॉ. निलेश कुमार ने बताया कि पटना जंक्शन पर देश का सबसे बड़ा वातानुकूलित यात्री  प्रतीक्षालय बनाया गया है। पहले इसे 7500 वर्गफीट में बनाया गया था। अब लगभग 2500 वर्ग फीट में कैफेटेरिया बनाया गया है। वीवीआइपी यात्रियों के लिए लाउंज बनाया जा रहा है जहां मॉड्यूलर फर्नीचर रखा जाएगा। यह व्यवस्था निशुल्क होगी। कोरोना संक्रमण के कम होते ही इस प्रतीक्षालय को शुरू कर दिया गया है। शीघ्र ही कैफेटेरिया व वीआइपी लाउंज भी शुरू होगा। 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.