पटना में एंकर से सामूहिक दुष्कर्म की जांच अधिकारी हादसे में घायल, हाथ की उंगली कटकर हुई अलग
पटना के एक होटल में दो जुलाई की रात कोलकाता की एक इंवेंट एंकर से हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले की जांच अधिकारी अर्चना सिन्हा गुरुवार को सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। हादसे में उनकी एक उंगली कटकर अलग हो गई।
पटना, जागरण संवाददाता। गर्दनीबाग थाने की महिला दारोगा अर्चना सिन्हा गुरुवार को एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से जख्मी हो गईं। गलत साइड से आ रहे बाइक सवार ने गोरिया मठ के समीप उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में अर्चना सिन्हा को गंभीर चोटें आईं। टक्कर इतनी तेज थी कि उनके दाहिने हाथ की एक उंगली कट कर अलग हो गई। टक्कर से स्कूटी भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उधर दुर्घटना के बाद बाइक सवार फरार होने में सफल हो गया। जख्मी अधिकारी का इलाज कराया जा रहा है।
तबादले के बाद दूसरी अधिकारी को देना था जांच का चार्ज
मालूम हो कि गांधी मैदान थाना क्षेत्र के होटल में कोलकाता की महिला एंकर के साथ हुए सामूहिक दुष्कर्म मामले की महिला दारोगा अर्चना सिन्हा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। इसी बीच उनका स्थानांतरण गांधी मैदान से गर्दनीबाग थाने में हो गया था। सामूहिक दुष्कर्म मामले में फरार चल रहे आरोपितों पर कार्रवाई हो सके, इसके लिए अर्चना सिन्हा को जांच का चार्ज महिला दारोगा कुंती देवी को देना है। अर्चना इसकी प्रक्रिया में जुटी थीं। इसी दौरान वे सड़क दुर्घटना का शिकार हो गईं।
कोलकाता की इवेंट एंकर ने कराई है दुष्कर्म की प्राथमिकी
बता दें कि कोलकाता की एक इवेंट एंकर ने मुजफ्फरपुर जिले के दो युवकों पर पटना के एक बड़े होटल में सामूहिक दुष्कर्म (Dirty act) का आरोप लगाया है। पश्चिम बंगाल के जादवपुर थाने में जीरो एफआइआर के बाद मामला गांधी मैदान थाने में दर्ज किया गया। घटना दो जुलाई की रात की है। इंवेंट एंकर का आरोप था कि वह आरोपित के साथ काम करती थी। उस दिन भी वह काम के लिए ही आई थीं। देर रात पेमेंट देने के बहाने आरोपित उसके कमरे में घुसा और ज्यादती की। इसके बाद उसके एक साथी ने भी दुष्कर्म किया।