बिहार को बड़ी सौगात: पटना में गंगा पर बनेगा नया फोरलेन पुल, मिल गई है मंजूरी
सरकार ने पटना में गंगा पर नए नया सड़क पुल बनाने का निर्णय लिया है।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। सरकार ने पटना में गंगा पर नए नया सड़क पुल बनाने का निर्णय लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
चार लेन का 5.63 किलोमीटर लंबा यह नया पुल पहले से बने मौजूदा महात्मा गांधी सेतु से 38 मीटर की दूरी पर ऊपरी ओर बनाया जाएगा। इसके साथ पटना में एनएच-19 पर संपर्क मार्ग का निर्माण भी किया जाएगा। पुल समेत इस सड़क निर्माण पर 2926.42 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है।
साढ़े चौदह किलोमीटर लंबी यह संपूर्ण महायोजना पटना, सारण तथा वैशाली जिलों से होकर गुजरेगी। इसमें 5634 मीटर लंबे नवीन विशालकाय पुल के अलावा 4 वाहन अंडरपास, एक रेल ओवरब्रिज, 1580 मीटर लंबी एक वायाडक्ट, 110 मीटर लंबा फ्लाईओवर, चार छोटे पुल, पांच बस शेल्टर तथा 13 रोड जंक्शन शामिल हैं।
गंगा नदी बिहार को दो भागों में विभाजित करती है। उत्तरी बिहार तथा दक्षिणी बिहार। चार लेन का मौजूदा एमजी सेतु गंगा को पार करने का महत्वपूर्ण पुल है जो उत्तरी बिहार को पटना से जोड़ता है। यह नेपाल, पूर्वी उप्र तथा उत्तरी बंगाल से पटना, दक्षिणी बिहार तथा झारखंड को जाने वाले यातायात को संभालता है। लेकिन यातायात के बढ़कर 60 हजार पीसीयू होने के कारण चार लेन का पुराना पुल अब नाकाफी साबित हा रहा है और इसीलिए नए पुल का निर्माण आवश्यक हो गया था।
चार लेन का नया पुल और बनने से वाहनों के लिए आठ लेन उपलब्ध होंगे जिससे यातायात सुगम होगा। साथ ही क्षेत्र के सामाजिक-आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी। पुल निर्माण के दौरान तकरीबन 21 लाख मानव दिवसों का रोजगार भी सृजित होने की आशा है।
कानून एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद ने बताया कि मई, 2014 तक गंगा पर इलाहाबाद से फरक्का के बीच अभी केवल 13 पुल थे। परंतु इस सरकार ने 20 अतिरिक्त पुल बनाने की योजना बनाई जिनमें कई निर्माणाधीन हैं। इससे अब पुलों की संख्या बढ़कर 33 हो गई है।
इन 20 अतिरिक्त पुलों में से पांच पुल यातायात के लिए खोले जा चुके हैं। जबकि सात पुलों का निर्माण हो रहा है। बाकी जो आठ पुल फरक्का, साहेबगंज, मोकामा तथा फाफामऊ में बनाए जाने हैं उनका निर्माण भी शीघ्र प्रारंभ होगा। पटना में गंगा पर बनने वाला नया पुल इलाहाबाद व फरक्का के बीच बनने वाला 30वां पुल होगा।