नालंदा में पूर्व मुखिया के पति को अपराधियों ने मारी गोली, पटना रेफर, दो बाइक से पहुंचे थे चार अपराधी
नालंदा के हिलसा में सोमवार सुबह खेत की ओर जा रहे पूर्व मुखिया के पति को बदमाशों ने गोली मार दी। दो बाइक से आए चार बदमाशों ने उन्हें तीन गोलियां मारी। गंभीर हालत में उन्हें पीएमसीएच रेफर कर दिया गया।
हिलसा (नालंदा), संवाद सहयोगी। नालंदा जिले के हिलसा थाना क्षेत्र की अरपा पंचायत के पूर्व मुखिया के पति अजीत सिंह को सोमवार सुबह बदमाशों ने गोली मार दी है। गोली उनके कंधे में लगी है। जख्मी अवस्था में अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद वहां से चिंताजनक स्थिति में पीएमसीएच रेफर कर दिया गया। घटना के पीछे जमीन का विवाद बताया जा रहा है।
दो बाइक से आए थे चार अपराधी
बताया जाता है कि अजीत सिंह सोमवार की सुबह तकरीबन नौ बजे गांव के उत्तर-पूरब में तालाब के पास खड़े थे। वे खेत की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दो बाइक पर सवार होकर चार बदमाश उनके पास आए। दोनों के बीच कुछ बातचीत हुई, इसके बाद बदमाशों ने उनपर फायरिंग कर दी। उन्हें तीन गोली मार दी। गोली लगते ही वे नीचे गिर गए। आसपास के लोग दौड़े तब तक बदमाश हवाई फायरिंग करते हुए बाइक से फरार हो गए। इसके बाद उन्हें स्थानीय लोगों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया।
पहले भी हुआ था हत्या का प्रयास
घटना के संदर्भ में बताया जाता है कि जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इस बाबत कई बार हवाई फायरिंग हुई है। अपराधियों ने पहले भी अजीत सिंह की हत्या करने का प्रयास किया था। इसको लेकर थाने में मुकदमे भी दर्ज है। वर्तमान में भी जमीन विवाद को लेकर अदालत में मुकदमा चल रहा है। घटना को लेकर गांव में दहशत व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।