विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 06, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

नालंदा में ताश खेलने निकले युवक की चाकू गोदकर हत्या, शव पोखर से बरामद, पुलिस जांच में जुटी

Published: Sat, 06 Sep 2025 12:28 PM (GMT+05:30)

बिहारशरीफ के मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में एक युवक का शव पोखर से बरामद होने से सनसनी फैल ...और पढ़ें

नालंदा में ताश खेलने निकले युवक की चाकू गोदकर हत्या
नालंदा में ताश खेलने निकले युवक की चाकू गोदकर हत्या

जागरण संवाददाता, बिहारशरीफ(नालंदा)। मानपुर थाना क्षेत्र के सरबहदी गांव में शनिवार की सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब गांव के बाहर स्थित पोखर से एक युवक का शव बरामद हुआ। मृतक की पहचान सरबहदी निवासी राजा चौधरी (28) के रूप में हुई है। वह शुक्रवार शाम से लापता था।

स्वजन के अनुसार राजा चौधरी शुक्रवार शाम घर से खाना खाने के बाद ताश खेलने के लिए निकला था। देर रात तक घर नहीं लौटा तो स्वजन को चिंता हुई। शनिवार सुबह ग्रामीणों ने पोखर में उसका शव देखा और तत्काल इसकी सूचना परिवार को दी।

मृतक के चचेरे भाई भोला चौधरी ने आरोप लगाया कि बदमाशों ने राजा की बेरहमी से हत्या की है। उसके सिर और शरीर के कई हिस्सों पर चाकू से गोदने के निशान मिले हैं। हत्या के बाद शव को पोखर में फेंक दिया गया।

घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सदर डीएसपी-1 नुरुल हक ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला हत्या का लग रहा है। घटनास्थल से ताश के पत्ते भी मिले हैं। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। एफएसएल टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज कर स्वजन को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।