Nalanda: कोचिंग से लड़की के भागने पर संचालक की बांधकर पिटाई, दोस्त को भी किया अधमरा
नालंदा जिले के चंडी थाना क्षेत्र का एक वीडियो वायरल हुआ है। इसमें कोचिंग संचालक और उसके सहयोगी की बुरी तरह पिटाई की जा रही है। इस मामले में छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। उनपर लड़की को भगाने का आरोप है।
चंडी(नालंदा), संवाद सूत्र। कोचिंग संस्थान में पढ़ने वाली एक लड़की भागने पर गुस्साए स्वजनों ने कोचिंग संचालक और उसके दोस्त की बेरहमी से पिटाई कर दी। उनका आरोप है कि इन दोनों ने मिलकर ही लड़की के भागने में मदद की है। पिटाई के कारण गंभीर रूप से घायल कोचिंग संचालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इसका वीडियो वायरल (Viral Video) हुआ है। इस मामले में छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
बुलाकर ले गए और बेरहमी से की पिटाई
बताया जाता है कि स्थानीय लालगंज में थरथरी के द्वारिका बीगहा निवासी मनीष कुमार एमटीसी कोचिंग क्लासेस चलाते हैं। उनके कोचिंग से एक छात्रा मंगलवार को अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। लड़कीी के स्वजनों का कहना था कि मनीष की मदद से ही लड़की को भगाया गया है। गुरुवार को मनीष और उनके दोस्त को पांच-छह लोग स्थानीय महिला कालेज के पास बुलाकर ले गए। दोनों को कोई अंदेशा नहीं था कि वहां क्या होने वाला है। जैसे ही वे दोनों पहुंचे वहां पहले से मौजूद दर्जन भर युवकों ने बिना कुछ कहे-सुने मनीष और प्रमोद पर हमला कर दिया।
वीडियो में दिख रही है ज्यादती
मनीष को पीपल के पेड़ से बांध दिया। इसके बाद लात-घूंसे और लाठी से उनकी पिटाई कर दी गई। प्रमोद की भी बेरहमी से पिटाई की गई। वे दोनों पर ही लड़की को भगाने में सहयोग का आरोप लगा रहे थे। पिटाई के दौरान वे बार-बार उनसे पूछताछ कर रहे थे। वीडियो में दिख रहा है कि पिटाई से बेसुध मनीष के सहयोगी का बाल एक महिला ने पकड़ रखा है। पिटाई से वह युवक पूरी तरह बदहवास और अधमरा जैसा दिख रहा है।
छह के खिलाफ कराई गई प्राथमिकी
मनीष कुमार के फर्दबयान पर छह के खिलाफ प्राथिमकी दर्ज की गई है। इसमें अजय कुमार, नीरज कुमार, आलोक कुमार, साहिल कुमार, रामखेलावन बिंद, बेला बिंद को आरोपित है। इनपर रॉड एवं खंती से मारने का आरोप लगाया है।