आलमगंज में दोस्तों ने की बक्सा कारीगर की ईट-पत्थर से कूचकर हत्या
आलमगंज थाना क्षेत्र के शक्का टोली स्थित एक धार्मिक स्थल से सटी गली में बुधवार की रात दोस्तों ने युवक की हत्या कर दी।
पटना सिटी। आलमगंज थाना क्षेत्र के शक्का टोली स्थित एक धार्मिक स्थल से सटे गली में बुधवार की रात लगभग दो बजे दोस्तों ने ही बक्सा बनाने वाले 35 वर्षीय कारीगर की ईट-पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। हत्या का कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि हत्या में शामिल दो दोस्तों को गिरफ्तार कर उनसे पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
मृतक के भाई अकबर ने बताया कि रात लगभग दो बजे लोगों ने घर आकर बताया कि अशरफ को कुछ लोग ईट-पत्थर से मार रहे हैं। यह सुनकर वह घर से लगभग 100 मीटर दूर गली में पहुंचा तो देखा कि अशरफ खून से लथपथ नाले में पड़ा है। जब तक उसे निकाला गया तो उसकी जान जा चुकी थी। वहां चारों ओर खून बिखरा था। अकबर ने बताया कि बुधवार की रात अशरफ को हसमुद उर्फ बज्झा, शहजाद उर्फ मनोज तथा एक अन्य साथी घर से बुलाकर उसे ले गए थे।
आलमगंज थाने के दारोगा ग्यास हादी ने बताया कि गिरफ्तार हसमुद उर्फ बज्झा तथा शहजाद उर्फ मनोज ने बताया कि रात में चारों दोस्तों ने शक्का टोली स्थित एक गली में नशापान किया। रात में लगभग दो बजे चारों वहां से निकले। इस दौरान अशरफ सड़क पर गिर पड़ा। उसके बाद तीनों ने ईट-पत्थर से कूचकर उसे नाले में धकेल दिया। मृतक को चार पुत्रियां व दो पुत्र हैं। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। -------------------
- घर से 100 गज की दूरी पर खाने-पीने के बाद वारदात को दिया अंजाम
- रात में तीन दोस्त घर से ले गए थे बुलाकर, दो आरोपित गिरफ्तार