IGNOU TEE 2026: बिहार के 17 जिलों में 22 परीक्षा केंद्र, 6 विशेष सेंटर भी; 7 अक्टूबर तक भरें फॉर्म
इग्नू की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा 25 नवंबर से शुरू होगी, जिसके लिए बिहार के 17 जिलों में 22 नियमित ...और पढ़ें

छह विशेष केंद्रों पर काराबंदी शिक्षार्थी देंगे परीक्षा
HighLights
दिसंबर 2026 टीईई परीक्षा 25 नवंबर से होगी शुरू।
बिहार के 17 जिलों में 22 नियमित केंद्र, 6 विशेष केंद्र।
बिना विलंब शुल्क फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर।
जागरण संवाददाता, पटना। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) की दिसंबर 2026 टर्म-एंड परीक्षा (TEE) 25 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के अधिकार क्षेत्र में आने वाले 17 जिलों में नियमित शिक्षार्थियों के लिए 22 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा काराबंदी शिक्षार्थियों के लिए छह विशेष परीक्षा केंद्र भी निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षा केंद्रों के निर्धारण में शिक्षार्थियों की सुविधा, भौगोलिक स्थिति और आवागमन को प्राथमिकता दी गई है। जमुई, छपरा, सिवान, गया, लालगंज और भभुआ सहित ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों में भी परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराए गए हैं।
दूर-दराज के छात्रों को नहीं लगानी पड़ेगी लंबी दौड़
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ई. कृष्ण राव ने कहा कि परीक्षा व्यवस्था में शिक्षार्थियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उनका कहना है कि प्रयास है कि ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों के शिक्षार्थियों को भी अपने निकट परीक्षा केंद्र चुनने का अवसर मिले।
उन्होंने शिक्षार्थियों से Samarth Portal के माध्यम से समय रहते परीक्षा फॉर्म भरने और सुविधा के अनुसार परीक्षा केंद्र का चयन करने की अपील की है। बिना विलंब शुल्क परीक्षा फॉर्म भरने की अंतिम तिथि 7 अक्टूबर 2026 है।
8 अक्टूबर से लगेगा 1100 रुपये लेट फीस
इग्नू के अनुसार 8 अक्टूबर से 15 अक्टूबर 2026 तक 1,100 रुपये के विलंब शुल्क के साथ परीक्षा फॉर्म भरा जा सकेगा। शिक्षार्थियों को परीक्षा शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड करने की सुविधा मिलेगी।
परीक्षा केंद्र का चयन करने से पहले शिक्षार्थियों को केंद्र की जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी गई है। साथ ही विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
छह विशेष केंद्रों पर काराबंदी शिक्षार्थी देंगे परीक्षा
सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. नीलू शर्मा ने बताया कि ग्रामीण और दूर-दराज के क्षेत्रों में केंद्र बनाने के साथ काराबंदी शिक्षार्थियों के लिए छह विशेष परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
यह व्यवस्था शिक्षार्थियों को परिस्थितियों के बावजूद अपनी पढ़ाई जारी रखने और परीक्षा में शामिल होने का अवसर देने के उद्देश्य से की गई है।
वहीं क्षेत्रीय निदेशक डॉ. आसिफ इकबाल ने कहा कि केंद्रों का निर्धारण सुगम आवागमन और शिक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखकर किया गया है। उन्होंने समय पर परीक्षा फॉर्म भरने और उपलब्ध केंद्रों की जानकारी ध्यान से देखने की अपील की।
एडमिट कार्ड में मिलेगी परीक्षा की पूरी जानकारी
दिसंबर 2026 TEE में शामिल होने वाले शिक्षार्थी परीक्षा शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले Admit Card/Hall Ticket डाउनलोड कर सकेंगे। प्रवेश पत्र मिलने के बाद परीक्षा की तिथि, समय, केंद्र और अन्य निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ने की सलाह दी गई है।
क्षेत्रीय केंद्र पटना ने शिक्षार्थियों से परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारी के लिए इग्नू की आधिकारिक वेबसाइट, Samarth Portal और क्षेत्रीय केंद्र पटना की ओर से जारी सूचनाओं को नियमित रूप से देखते रहने का अनुरोध किया है।
