अब सिर्फ 1 साल में पूरी होगी मास्टर डिग्री, IGNOU ने शुरू किए पीजी कोर्सेस
इग्नू ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप चार वर्षीय स्नातक डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम शुरू किए हैं।

इग्नू ने शुरू किया एक वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रम (AI Generated Image)
HighLights
इग्नू ने चार वर्षीय स्नातक के लिए एक वर्षीय पीजी कार्यक्रम शुरू।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप यह पहल की गई।
विद्यार्थियों को कम समय में उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी।
जागरण संवाददाता, पटना। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों के अनुरूप चार वर्षीय स्नातक डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थियों के लिए एक वर्षीय स्नातकोत्तर कार्यक्रमों की शुरुआत की है।
यह पहल विद्यार्थियों को कम अवधि में उच्च शिक्षा के अगले स्तर तक पहुंचने तथा अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को आगे बढ़ाने का अवसर प्रदान करेगी।
स्नातक छात्रों के लिए खुशखबरी
इग्नू द्वारा चार वर्षीय स्नातक कार्यक्रम पूरा करने वाले पात्र विद्यार्थियों के लिए एक वर्षीय कला स्नातकोत्तर तथा अन्य संबंधित स्नातकोत्तर कार्यक्रम विभिन्न विषयों में प्रारंभ किए गए हैं।
इन विषयों में कर सकेंगे पीजी
इनमें अंग्रेजी, हिंदी, संस्कृत, अर्थशास्त्र, वाणिज्य तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार जैसे विषय प्रमुख हैं। जिन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप चार वर्षीय स्नातक डिग्री पूरी की है, वे संबंधित विषय में निर्धारित पात्रता के अनुसार इन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इग्नू ने एक वर्षीय विकास अध्ययन में कला स्नातकोत्तर कार्यक्रम भी प्रारंभ किया है। किसी भी विषय में चार वर्षीय स्नातक डिग्री पूरी करने वाले विद्यार्थी इस कार्यक्रम में प्रवेश के लिए पात्र होंगे।
इग्नू क्षेत्रीय केंद्र पटना के वरिष्ठ क्षेत्रीय निदेशक डॉ. कृष्ण राव ने कहा कि इससे विद्यार्थियों को कम समय में अपनी उच्च शिक्षा को आगे बढ़ाने तथा अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक लक्ष्यों को प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
