पटना के IGIMS में जल्द हो सकेगी एईएस और कोरोना वायरस के जीन की जांच
आइजीआइएमएस में जल्द ही एईएस कोरोना वायरस डेंगू सहित अन्य बीमारियों के जीन की जांच आसानी से हो सकेगी।
पटना, जेएनएन। इंदिरा गांधी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (आइजीआइएमएस) में जल्द ही एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम (एईएस), कोरोना वायरस, डेंगू सहित अन्य बीमारियों के जीन की जांच आसानी से हो सकेगी। राज्य सरकार ने संस्थान में एडवांस मॉलीक्युलर माइक्रोबायोलोजी एंड मॉलीक्युलर जीनोमिक्स लैब बनाने के लिए राशि जारी कर दी है।
दो दर्जन से अधिक उपकरण खरीदे जाएंगे
इसके अतिरिक्त सरकार ने संस्थान के लगभग दो दर्जन विभागों में आवश्यक उपकरणों की खरीद को भी हरी झंडी देते हुए 78.50 करोड़ आवंटित किए हैं। संस्थान के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग के डॉ. एसके शाही ने बताया कि लैब स्थापित करने से जुड़ी आवश्यक प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। इस वित्तीय वर्ष में इसे स्थापित कर लिया जाएगा।
अब मरीजों को मिलेगा और अधिक लाभ
आइजीआइएमएस में अब अत्याधुनिक उपकरणों की खरीदारी की रास्ता साफ हो गया है। सीटीवीएस में अब हार्ट-लंग्स मशीन लगने का भी रास्ता साफ हो गया है। इससे राज्य के हृदय रोगियों को काफी लाभ मिलेगा। इसके अतिरिक्त सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, रेनल ट्रांसप्लांट, न्यूरोलॉजी के अलावा आंख के मरीजों के लिए भी कई अत्याधुनिक उपकरणों की खरीद होगी।
कहते हैं अधिकारी
आइजीआइएमएस के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. मनीष मंडल कहते हैं कि आइजीआइएमएस में एडवांस मॉलीक्युलर माइक्रोबायोलोजी एवं मॉलीक्युलर जीनोमिक्स लैब सहित लगभग दो दर्जन विभागों में आवश्यक अत्याधुनिक उपकरणों की खरीदारी के लिए 78.50 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे कई विभागों में अत्याधुनिक आवश्यक उपकरणों की खरीदारी होगी।
किस विभाग को कितनी राशि
एनोटॉमी - 50.45 लाख रुपये
बायोकेमेस्ट्री - 53.45 लाख
सीटीवीएस - चार करोड़ 85 लाख
डेंटिस्ट्री - 125 लाख
ईएनटी - 953 लाख
जीआइ सर्जरी - 415 लाख
जेनरल मेडिसिन - 190 लाख
जेनरल सर्जरी - 345 लाख
माइक्रोबायोलॉजी - 427 लाख
नेफ्रोलॉजी, रेनल ट्रांसप्लांट - 549 लाख
न्यूरो मेडिसिन - 317 लाख
न्यूरो सर्जरी - 471 लाख
स्त्री एवं प्रसूति -131 लाख
ऑर्थोपेडिक्स - 203 लाख
शिशु मेडिसिन - 65 लाख
शिशु सर्जरी - 43 लाख
फार्माकोलॉजी - 51 लाख
फिजियोलॉजी - 87.50 लाख
फिजियोथेरेपी - 27.99 लाख
मनोचिकित्सा -19.50 लाख
आरआइओ - 595 लाख
रेडियोलॉजी -1550 लाख
रिप्रोडक्टिव बायोलॉजी -190 लाख
टीबी एंड चेस्ट - 80 लाख
यूरोलॉजी - 425 लाख रुपये