Coronavirus Positive: बिहार में महिला से पति में पहुंचा कोरोना इन्सफेक्शन, दुबई से लौटी थी पीड़िता
बिहार के गया में विदेश से लौटी कोरोना वायरस की संक्रमित महिला के पति की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव निकल आई है। मुहल्ले को सैनिटाइज किया जा रहा है।
गया, जेएनएन। बिहार के गया में विदेश से लौटी कोरोना वायरस की संक्रमित महिला के पति की जांच रिपोर्ट भी कोरोना पॉजिटिव निकल आई है। गुरुद्वारा रोड की रहने वाली उक्त महिला के पति की जांच के लिए ब्लड सैंपल बुधवार को लिया गया था। शुक्रवार की रात में उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव प्राप्त हुई है। इस तरह जिले में अब कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। वहीं, उस मुहल्ले को शनिवार को भी प्रशासनिक अधिकारियों ने जायजा लिया। मुहल्ले को सैनिटाइज किया जा रहा है। इलाके पर नजर रखी जा रही है। सात किलोमीटर के रेडियस को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह ने कहा, संक्रमित महिला के पति के पॉजिटिव मिलने की सूचना प्राप्त होने के बाद अब उस क्षेत्र में सख्ती बढ़ा दी गई है। उक्त महिला हाल ही में दुबई से लौटकर आई थी। इससे जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या में भी इजाफा हो गया है।
गौरतलब है कि सबसे पहले शहर से सटे पहाड़पुर गांव के एक युवक की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। वह युवक मुंगेर के मृतक के संपर्क में आया था। युवक के बाद उसकी मां व पत्नी भी गुरुवार को संक्रमित पाई गई थी। इन तीनों के साथ बुधवार को शहर के गुरुद्वारा रोड स्थित मोहल्ले की एक महिला की भी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव मिली थी। इसके बाद नगर निगम ने दोनों क्षेत्रों को लॉकडाउन करके सैनिटाइज्ड करा दिया। इसके अलावा स्वास्थ्य विभाग ने एहतियातन कई अन्य लोगों के भी सैंपल जांच के लिए भेजे हैं। साथ ही तीन किमी परिधि के सभी लोगों को होम क्वारंटाइन करा दिया गया है।
बता दें कि बिहार में शनिवार को थोड़ी राहत है कि कोरोना पॉजिटिव की संख्या नहीं बढ़ी है, लेकिन शुक्रवार तक ऐसे मरीजों की संख्या 31 पर पहुंच गई है।