बिहार में पति ने पत्नी के चेहरे पर किया तेजाब से हमला, आरोपी ने कर रखा है तीन निकाह
बिहार के सुपौल में बुधवार को आपसी विवाद के बाद पति ने पत्नी के चेहरे पर तेजाब से हमला कर दिया। पत्नी के चिल्लाने पर घर में कोहराम मच गया। पति नशे की हालत में था।
सुपौल, जेएनएन। बिहार के सुपौल में बुधवार को आपसी विवाद के बाद पति ने पत्नी के चेहरे पर तेजाब से हमला कर दिया। पत्नी के चिल्लाने पर घर में कोहराम मच गया। बताया जाता है कि पति नशे की हालत में था। मामला समझते ही पति के साथ घर वाले भी फरार हो गए। वहीं जानकारी मिलते ही काफी संख्या में ग्रामीण पहुंच गए। जख्मी महिला को अस्पताल में एडमिट कराया गया है। जांच के लिए पुलिस अस्पताल पहुंच गई।
वारदात सुपौल में धरहरा गांव की है। बताया जाता है कि धरहरा गांव स्थित धोबी टोला में नशे में धुत पति मोहम्मद नौशाद ने घटना को अंजाम दिया। घटना के वक्त पत्नी सोई हुई थी। ग्रामीणों ने महिला को इलाज के लिए राघोपुर अस्पताल में भर्ती कराया है। हालांकि, पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने से बच रही है।
पीडि़ता नजराना खातून ने बताया कि उसका पति नौशाद लगातार उसके साथ मारपीट किया करता था। मंगलवार की देर रात वह शराब के नशे में धुत होकर आया था। सुबह करीब चार बजे पति ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। पीडि़ता के पिता का कहना है कि दहेज को लेकर गांव में भी कई बार पंचायत हुई और गांव के सरपंच के कहने पर ही उन्होंने अपनी बेटी को वहां रहने दिया था।
पीडि़त परिवार के मुताबिक आरोपित नौशाद की इससे पहले भी दो निकाह हो चुका है। नजराना उसकी तीसरी बीवी है। राघोपुर अस्पताल के चिकित्सक अहमद ने भी पीडि़ता के तेजाब से घायल होने की पुष्टि की है। हालांकि, देर शाम तक इस मामले में प्राथमिकी नहीं दर्ज कराई गई थी। गांव वाले भी घटना के पीछे आपसी कलह को मान रहे हैं।