ऑनर किलिंगः रोहतास में प्रेम-प्रसंग से नाराज स्वजनों ने करदी बेटी की हत्या, शव जलाते पिता को पुलिस ने पकड़ा
Honor Killing बिहार के रोहतास जिले में गुरुवार को ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। किशोरी के प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या करने के बाद शव को जला रहे पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
रोहतास, जेएनएन। सूर्यपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। किशोरी के प्रेम-प्रसंग से नाराज होकर उसकी हत्या करने के बाद शव को जला रहे पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मामले में चौकीदार की ओर से पांच लोगों के खिलाफ ऑनर किलिंग की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
पुलिस के अनुसार किशोरी का पिता बिक्रमगंज में किराए के मकान में रहता है। प्रेम-प्रसंग की बात खुलने पर उसने अपनी 17 वर्षीय पुत्री की घर वालों के साथ मिलकर हत्या कर दी और साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को गांव के समीप जला रहा था। चौकीदार से सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह पुलिस बल के साथ पहुंचे, तब वहां मौजूद लोग भाग निकले। भागने के क्रम में पुलिस ने लड़की के पिता को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले को लेकर चौकीदार के बयान पर पांच अन्य लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया यह ऑनर किलिंग है।
लापता युवक का शव पोखरे से बरामद
रोहतास। करगहर शिव मंदिर के समीप इस्लामपुर गांव से दो दिन से लापता युवक का शव इस्लामपुर गांव स्थित पोखरे से पुलिस ने बरामद कर लिया है। मृतक 40 वर्षीय शेख अतीकुर रहमान इस्लामपुर गांव का ही निवासी बताया जाता है। मृतक के परिजनों के अनुसार बुधवार की अहले सुबह से लापता था। परिजन थाने में सनहा दर्ज करने के बाद दो दिन से खोजबीन कर रहे थे। गुरुवार की शाम बकरी चरा रही एक बच्ची ने पोखरे में तैरते हुए शव को देखकर अगल-बगल के लोगों को इसकी सूचना दी। सूचना पर पुलिस ने पोखरे से शव को बाहर निकाला, जिसे परिजनों ने पहचान किया। पुलिस ने शव को अंत्य परीक्षण के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया है। युवक की मौत कैसे हुई पुलिस इसकी गहन छानबीन कर रही है।