शादी के पहले दुल्हन के घर में जा घुसी दूल्हे की प्रेमिका, हाई वोल्टेज ड्रामा के बाद पंचायत के फैसले पर बोले लोग- भई वाह
बिहार के वैशाली में हुई एक शादी की खूब चर्चा है। प्रेमिका को छोड़ दूल्हा दूसरी जगह शादी कर रहा था। इसी दौरान प्रेमिका पहुंच गई। फिर जो हुअा जानिए इस खबर में।
वैशाली, जेएनएन। दूसरी लड़की से शादी के एक दिन पहले दुल्हन के घर दूल्हे की प्रेमिका जा घुसी। उसने वहां दूल्हे की पाले खोल कर रख दी। इस हाई वोल्टेज ड्रामा के दौरान घरवालों ने प्रेमिका की पिटाई भी कर दी, लेकिन वह अपनी बात पर अड़ी रही। अंतत: पंचायत के फैसले के अनुसार दोनों की शादी करा दी गई। घटना बिहार के वैशाली जिले के हुसैना गांव की है। इस घटना में पंचायत के फैसले की सभी सराहना कर रहे हैं।
मुंह बांधे दुल्हन के घर में घुस गई लड़की
बीते दिन लड़की की शादी से एक दिन पहले एक युवती मुंह बांधे उसके घर में घुस गई और कहने लगी कि जिस युवक से शादी होनेवाली है, वह उसका प्रेमी है। यह सुनते ही रंग में भंग पड़ गया। युवती जिस लड़की की शादी होने वाली थी, उससे बात करने की जिद पर अड़ गई। पहले तो लोगों ने उसकी पिटाई कर दी, इसके बावजूद वह डटी रही और अपनी बात कहने का मौका देने की गुहार लगाती रही। अंतत: लोगों ने उसकी बात सुनने का निर्णय लिया।
बताया: कोर्ट में पहले ही कर चुकी शादी
युवती ने आपबीती सुनाते हुए कहा कि वह मुजफ्फरपुर जिले के कुढऩी थाना अंतर्गत कुढऩी गांव निवासी राम कुमार साह की पुत्री ज्योति कुमारी है। अपने ही जिले के साहपुर गांव निवासी विश्वनाथ सिंह के पुत्र विवेक कुमार के साथ कई वर्षों से एक निजी कंपनी में काम करती रही है। इसी दौरान दोनों एक-दूसरे से प्रेम करने लगे और कोर्ट में शादी कर ली। दोनो पति-पत्नी के रूप में रह रहे थे कि पता चला कि विवेक के स्वजनों ने उसकी दूसरी शादी गोरौल थाना क्षेत्र के हुसैना गांव निवासी राम दयाल सिंह की पुत्री से तय कर दी है। 24 जून को मटकोर था और 25 जून को शादी। ज्योति ने हिम्मत जुटाई और स्वजनों के साथ हुसैना गांव में आ धमकी। उसने लोगों को पूरी जानकारी दी।
पंचायत ने करा दी दुल्हे की प्रेमिका से शादी
ग्रामीणों की पहल पर विवेक एवं उसके स्वजनों को बुलाकर पंचायत बैठाई गई। इसके बाद निर्णय हुआ कि विवेक शादी में लिया गया सभी सामान वापस करेगा, आयोजन में किए गए खर्च की भी भरपाई करेगा और ज्योति से शादी करेगा। लोगों के निर्णय के बाद बुधवार की देर रात हुसैना शिव मंदिर पर विवेक और ज्योति की शादी कराकर विदा कर दिया गया। इस हंगामे को शांत कराने में बुधवार को रात भर गोरौल पुलिस दौड़-धूप करती रही। इस मामले में पंचायत के फैसले को जिसने भी सुना, वाह-वाह करता नजर आया।