बाढ़ को लेकर स्वास्थ्य महकमे ने कसी कमर
बाढ़ के दौरान जिले में युद्धस्तर पर काम होगा।
पटना। बाढ़ के दौरान जिले में युद्धस्तर पर काम होगा। इसके लिए पटना के सिविल सर्जन डॉ. गिरेंद्र शेखर सिंह ने सभी चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिया है। उसके पहले पर सभी आवश्यक उपकरणों एवं दवाओं की खरीदारी करने का निर्देश दिया गया है।
डॉ. सिंह का कहना है कि जिले के बाढ़, बख्तियारपुर, मोकामा, दानापुर, मनेर, पटना सदर एवं पुनपुन बाढ़ प्रभावित प्रखंड हैं। इन प्रखंडों के चिकित्सा प्रभारियों को बाढ़ से निपटने की तैयारी शुरू करने का निर्देश दिया गया है। चिकित्सा प्रभारियों को निर्देश दिया गया है, बाढ़ के दौरान काम आने वाली दवाओं की मांग पहले कर लें।
बढ़ जाते सर्प दंश के मामले
सिविल सर्जन ने कहा कि बाढ़ के दौरान सर्पदंश के मामले काफी बढ़ जाते हैं। इसके अलावा डायरिया एवं जल जनित बीमारियों का प्रकोप भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इस तरह की बीमारियों से निपटने के लिए हर प्रखंड में डॉक्टरों की टीम तैनात रहेगी। कोई भी मरीज दवा के अभाव परेशान न हो इसका ख्याल स्वास्थ्य विभाग रखेगा। जैसे ही किसी गांव में बीमारी फैलने की सूचना मिलेगी तत्काल गांव की ओर डॉक्टरों की टीम रवाना कर दी जाएगी। गांवों में डॉक्टर कैंप कर मरीजों का इलाज करेंगे।