बिहार के इन जिलों में होगी भारी बारिश, पटना में कल से राहत मिलने की संभावना Patna News
कुछ दिन पहले गर्मी से बिहारवासी परेशान थे। अब भारी बारिश राज्य में आफत लेकर आई है। जिलों में जानमाल के साथ संपत्ति का भी नुकसान हो रहा है। जानें कब कहां होगी बरसात
पटना, जेएनएन। दक्षिण- पश्चिम मानसून बिहार के कुछ हिस्सों में 17 जुलाई तक सक्रिय रहेगा। प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्र में 16 जुलाई तक रुक-रुककर बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने रविवार को कई जिलों में भारी वर्षा की आशंका को देखते हुए चेतावनी जारी की है। पटना में रविवार को सुबह से हल्की धूप निकली आई है। राजधानी का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। इसी तरह रविवार को गया का टेम्प्रेचर 31 डिग्री सेल्सियस के आंकड़े पर है।
पटना, पूर्णिया, सुपौल, मुजफ्फरपुर, फॉरबिसगंज और छपरा में रविवार को लगातार वर्षा होने की संभावना है। 15 जुलाई को थोड़ी राहत मिलेगी लेकिन 16 जुलाई को पटना, गया, नालंदा, औरंगाबाद व राजगीर में काले घने बादल छाए रहेंगे। आकाश के 95 फीसद हिस्से में ये छाए रहेंगे। कुछ जगहों पर बारिश होने की भी संभावना है। 16 जुलाई को मधुबनी, फॉरबिसगंज, सुपौल, पूर्णिया और सुपौल में भारी बारिश होगी। मधुबनी में 17 जुलाई को भी भारी बारिश की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसून सुस्त पड़ गया है लेकिन बिहार के उत्तर-पूर्व हिस्से में 17 जुलाई तक सक्रिय रहने की संभावना है। दक्षिण और मध्य बिहार में 16 जुलाई से मानसून कमजोर स्थिति में पहुंच जाएगा।
इधर, शनिवार को पटना का अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। गया का अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री और न्यूनतम 24.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
पटना में 0.2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। सोनवर्षा में 24 एमएम, जयनगर में 23, रामनगर में 14, बैरगनिया में 11, सुरसंड में 11 और बगहा में 11 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को पटना, छपरा, सुपौल, भागलपुर, पूर्णिया और फारबिसगंज में बारिश की संभावना है।