बिहार में भारी बारिश को लेकर अलर्ट, तेजी से बढ़ रहा गंगा का जलस्तर
बिहार में अगले 72 घंटों में भारी बारिश को लेकर जारी अलर्ट के बीच गंगा सहित उत्तर बिहार से होकर गुजरने वाली अन्य नदियों के जलस्तर में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है।
पटना [वेब डेस्क ]। बिहार के अधिकतर इलाकों में अगले 72 घंटों में भारी बारिश की चेतावनी के बीच नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी की आशंका के मद्देनजर अलर्ट जारी किया गया है। शुक्रवार की देर शाम तक राज्य में बारिश की गति हांलाकि धीमी रही पर इसके बावजूद गंगा सहित कई नदियां पूरे उफान पर है। गंगा नदी के जलस्तर में तेजी से होने वाली बढ़ोतरी से अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।
शुक्रवार की सुबह बक्सर में नदी का जलस्तर बढऩे की रफ्तार 2 सेमी प्रति घंटा दर्ज की गई थी जो शाम होने तक बढ़कर 3 सेमी प्रति घंटा हो गई है। उत्तर बिहार से होकर बहने वाली गंडक, बूढ़ी गंडक, बागमती और अधवारा समूह की नदियों के साथ कोसी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे इन नदियों के किनारे रहने वाली बड़ी आबादी बाढ़ की आशंका में घिर गई है।
पढ़ेंः शाहनवाज बोलेः आतंक की फैक्ट्री है पाकिस्तान, अब उसे मुंहतोड़ जवाब देगा भारत
राज्य में अगले 72 घंटे तक भारी बारिश की चेतावनी से भी नदियों के जलस्तर में भारी बढ़ोतरी की उम्मीद है।बक्सर में गंगा का जलस्तर शुक्रवार को काफी तेजी से बढ़ रहा था। वहां पदस्थापित गंगा नियंत्रण केन्द्र के कनीय अभियंता कन्हैया कुमार ने बताया कि शुक्रवार की सुबह 8 बजे से ही रफ्तार में वृद्धि होनी शुरू हो गई थी और 2 सेमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ जलस्तर सुबह दस बजे तक 57.74 मीटर दर्ज किया गया था।
पढ़ेंः पटना में जाकिर नाईक व ओवैसी के समर्थन में लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे
अपराह्न 3 बजे दर्ज आंकड़ों के अनुसार 3 सेमी की रफ्तार से बढ़ते हुए 57.89 मीटर तक जा पहुंची है। इस रफ्तार के साथ हीं जिले के तमाम निचले इलाकों के लिए फिर खतरा मंडराने लगा है। वहीं, जलस्तर में बढ़ोत्तरी का ट्रेंड देख प्रशासन ने भी गंगा किनारे के प्रखंडों में अधिकारियों को अलर्ट कर दिया है।