यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 01, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Bihar Weather: छह जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, पटना में छाए रहेंगे बादल; देखिए आपके शहर के मौसम का हाल
बिहार में अगले पांच दिनों तक मानसून की गतिविधियां बने रहने की संभावना है। मंगलवार को राजधानी और इसके आसपास ...और पढ़ें

HighLights
- आषाढ़ की तरह बरसकर निकल गए सावन के मेघ क्रासर
- अगले दो दिनों तक हल्की से मध्यम श्रेणी की हो सकती वर्षा
- 36.8 डिग्री पर पहुंचा अधिकतम तापमान, सामान्य से 4.6 डिग्री अधिक
- 25.5 डिग्री रिकार्ड किया गया सोमवार का न्यूनतम तापमान
पटना, जागरण संवाददाता। बिहार के अधिकतक जिलों में लोगों को अब भी अच्छी बारिश नसीब नहीं हुई है।सावन की अपेक्षा के अनुसार प्रदेश में बारिश नहीं हुई। हालांकि, बादल और बूंदाबांदी से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर मिली है।
मंगलवार को राजधानी और इसके आसपास आंशिक बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा की संभावना है। कैमूर, नवादा, रोहतास, किशनगंज, औरंगाबाद व गया जिले के एक या दो स्थानों पर भारी वर्षा की चेतावनी है। शेष जिलों में हल्की वर्षा के साथ मेघगर्जन, वज्रपात की संभावना है।
मानसून की गतिविधियां अगले पांच दिनों तक बने रहने की संभावना है। सोमवार को पटना और आसपास इलाकों में आंशिक बादल छाए रहे, जबकि बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, अरवल, जहानाबाद, मुजफ्फरपुर समेत अन्य स्थानों पर हल्की वर्षा दर्ज की गई।
उत्तर बिहार की बात करें तो यहां अधिकतम तापमान में चार डिग्री की वृद्धि हुई है। जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र डा. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री पर पहुंचा। यह सामान्य से 4.6 डिग्री ज्यादा रहा। न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री रिकार्ड किया गया।
सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे। शाम में हुई वर्षा के बाद लोगों को राहत मिली। हालांकि, सापेक्ष आद्रर्ता सुबह सात बजे 96 प्रतिशत पर तो दोपहर दो बजे 58 प्रतिशत रही। 3.5 किलोमीटर की गति से पुरवा चली।
अगले 48 घंटे तक हल्की बूंदाबांदी की संभावना
वरीय मौसम विज्ञानी डा.ए सत्तार ने बताया कि अगले 48 घंटे तक आसमान में हल्के से मध्यम बादल छाए रहेंगे। वर्षा की सक्रियता में हल्की वृद्धि हो सकती है। एक-दो जगहों पर हल्की वर्षा हो सकती है। तराई के एक-दो स्थानों पर मध्यम वर्षा की संभावना है।
इस दौरान अधिकतम तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। न्यूनतम तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सापेक्ष आर्द्रता सुबह में 80 से 90 प्रतिशत तथा दोपहर में 55 से 65 प्रतिशत रहने की संभावना है। पूर्वानुमानित अवधि में औसतन 9 से 14 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से पुरवा चलेगी।
