अगले 48 घंटे में पटना और आसपास के इलाकों में हो सकती है भारी बारिश, अलर्ट जारी
पटना और आसपास के क्षेत्रों में अगले 48 घंटे के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पटना [जेएनएन]। अगले 48 घंटे के दौरान पटना और आसपास के इलाके में भारी वर्षा के आसार हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को प्रदेश के दो हिस्से में मानसून सक्रिय रहेगा। इस कारण अधिकांश हिस्से में बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून राजस्थान के गंगानगर से यूपी के मेरठ, हरदोई होते हुए बिहार में पटना से गुजरते हुए असम तक तेज हवा के साथ जाएगा। मानसून के दूसरे छोर के पटना से झारखंड की ओर दुमका होते हुए बंगाल की ओर जाने की संभावना है। मानसून की सक्रियता को देखते हुए मौसम विभाग ने गुरुवार की दोपहर को बारिश का अलर्ट जारी किया है।
गुरुवार को पटना में 2 एमएम वर्षा रिकॉर्ड की गई। गया में 4.6 एमएम, भागलपुर में 0.6 एमएम, अररिया में 5 एमएम, किशनगंज और नालंदा में 5 एमएम वर्षा दर्ज की गई। राज्य के अन्य हिस्सों में बूंदाबांदी हुई। बारिश के कारण पटना का अधिकतम तापमान गिरकर 32.2 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
गया का अधिकतम तापमान 31.7 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। भागलपुर का अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री और न्यूनतम 27.9 डिग्री सेल्सियस रहा।