वाराणसी पहुंचे निशांत कुमार, योगी आदित्यनाथ के बारे में की भविष्यवाणी; बिहार की कानून व्यवस्था पर भी बोले
बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में शामिल हुए। ...और पढ़ें

काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करने पहुंचे निशांत कुमार।
डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार के स्वास्थ्य मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार दो दिवसीय उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं।
वाराणसी पहुंचने पर उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दरबार में पूजा-अर्चना की और गंगा आरती में भी शामिल हुए। उन्होंने बाबा विश्वनाथ से बिहार समेत देशवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की।
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के बाद निशांत कुमार ने कहा कि उनका सौभाग्य है कि उन्हें काशी की पवित्र धरती पर आने और बाबा विश्वनाथ का आशीर्वाद लेने का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि बाबा विश्वनाथ की पूजा की और गंगा आरती भी देखी। अपने कुलगुरु बाबा से भी आशीर्वाद प्राप्त करने का उन्हें अवसर मिला।
योगी आदित्यनाथ की तारीफ, फिर CM बनने की कही बात
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर निशांत कुमार ने कहा कि उनकी कामना है कि एनडीए एक बार फिर भारी बहुमत से सरकार बनाए।
उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बनें और प्रदेश में विकास का क्रम जारी रखें।
निशांत कुमार ने कहा कि उत्तर प्रदेश में एनडीए की सरकार भारी बहुमत के साथ है। चुनाव के मद्देनजर उन्होंने कहा कि वह चाहेंगे कि एनडीए को एक बार फिर जनता का भारी समर्थन मिले।
बिहार की कानून-व्यवस्था पर बोले निशांत
बिहार की कानून-व्यवस्था को लेकर पूछे गए सवाल पर निशांत कुमार ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था ठीक है। उन्होंने कहा कि जब भी कोई घटना होती है तो प्रशासन और पुलिस की ओर से तत्काल कार्रवाई की जाती है।
उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव नजदीक हैं और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं।
