Health alert in changing weather: तेजी से बदल रहा मौसम का मिजाज, सेहतमंद बने रहना है तो ये उपाय जरूर करें
मौसम का मिजाज आजकल तेजी से बदल रहा है। ऐसा मौसम बीमारियां साथ लेकर आता है। खासकर वैसे लोग जो पहले से किसी बीमारी से जूझ रहे हैं उन्हें अब कुछ ज्यादा सतर्कता बरतनी चाहिए। विशेषज्ञ डॉक्टर से जानिए स्वस्थ रहने के टिप्स
जागरण संवाददाता, पटना। दक्षिण-पश्चिम मानसून प्रदेश से लौट चुका है। मानसून के लौटने के बाद राजधानी समेत पूरे प्रदेश का मौसम तेजी से बदल रहा है। आजकल रात में महज 2 घंटे में 5 डिग्री सेल्सियस तापमान गिर जा रहा है। इसके बाद वातावरण में अचानक ठंड बढ़ जा रही है। यह मानव स्वास्थ्य के लिए अत्यंत खतरनाक है।
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि राजधानी में फिलहाल राज्य से मानसून लौट चुका है और ठंड दस्तक देने लगी है। आजकल शाम को मात्र 2 घंटे यानी 6 से 8 बजे के बीच राजधानी के तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस का गिरावट देखी जा रही है। फिलहाल राजधानी में अधिकतम तापमान 33.4 एवं न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। रात में 8 बजे के बाद तापमान में गिरावट शुरू होती है, तो सुबह 5 बजे तक गिरती ही जा रही है। दिन और रात के तापमान में फिलहाल 15 डिग्री सेल्सियस का गिरावट देखी जा रही है।
रात में अधिक देर तक खुले में न रखें बच्चों को
पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (पीएमसीएच) के वरिष्ठ शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ.राकेश कुमार शर्मा का कहना है कि आजकल दिन एवं रात के तापमान में काफी अंतर देखा जा रहा है। ऐसे में लोगों को काफी सावधान रहने की जरूरत है। खासकर बच्चों को लेकर यह मौसम अत्यंत खतरनाक साबित हो सकता है। दिन में साधारण कपड़ा पहनकर लोग घरों से बाहर निकल जा रहे हैं, लेकिन रात में तापमान गिरने के कारण वातावरण में ठंड काफी बढ़ जा रहा है। ऐसे में बच्चों को देररात तक खुले में रखना, उन्हें ठंड का शिकार बना सकता है। ठंड के कारण बच्चे सर्दी-खांसी एवं निमोनिया के शिकार हो सकते हैं। अधिक देर तक बच्चों को खुले में रखने के कारण वे एलर्जी जनित बीमारियों के शिकार भी हो सकते हैं। बच्चों को रात में घर से बाहर लेकर जाएं तो उन्हें हल्का गर्म कपड़ा पहना दें। सिर को खुला न रखें। रात में पार्टी में जाए तो कोशिश करें कि छत के नीचे बैठने का प्रयास करें।
हार्ट के मरीजों को सावधान रहने की जरूरत
पीएमसीएच के हार्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक कुमार का कहना है कि यह मौसम हार्ट के मरीजों के लिए घातक साबित हो सकता है। हार्ट के मरीजों को आजकल धूप निकलने के बाद ही घर से बाहर निकलने की जरूरत है। फिलहाल सुबह में ठंड रह रही है। ऐसे में ज्यादा ठंड में लोगों को घर से निकलना हार्ट अटैक एवं ब्रेन हेमरेज का कारण बन सकता है। ऐसे में हार्ट के मरीजों को घर से निकलते समय जेब में बीपी की दवाएं रख लेनी चाहिए। जब भी परेशानी महसूस हो उसका सेवन कर लें। सुबह में टहलते वक्त जब पसीना आने लगे तब थोड़ी देर आराम कर लेना चाहिए। पसीना के साथ छाती में दर्द हो तो और बीपी बढऩे की आशंका हो तो बीपी की दवा का सेवन कर लें। किसी बाद जरूरत पडऩे पर चिकित्सक से संपर्क किया जा सकता है।