लालू फैमिली के लिए लौटीं खुशियां: बिहार में राजद को मिली संजीवनी, हरियाणा में दामाद की हुई जीत
बिहार में राजद के लिए गुरुवार काफी सुखद भरा दिन रहा। लालू परिवार के लिए भी यह खुशी का दिन है। बिहार में राजद को जहां संजीवनी मिली वहीं लालू के दामाद चिरंजीव हरियाणा में जीते।
पटना, राजेश ठाकुर। बिहार में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के लिए गुरुवार काफी सुखद भरा दिन रहा। लालू परिवार के लिए भी यह खुशी का दिन है। बिहार में दो सीटों की जीत के साथ ही राजद को संजीवनी मिलने से लालू प्रसाद यादव के लाल नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव गदगद हैं। वहीं लालू फैमिली में एक खुशी हरियाणा से भी मिली है। हरियाणा विधानसभा चुनाव में लालू यादव के दामाद चिरंजीव राव ने जीत दर्ज की है। उन्होंने भाजपा उम्मीदवार को हराया है।
हरियाणा विधान सभा चुनाव में रेवाड़ी सीट से राजद सुप्रीमो लालू यादव के दामाद चिरंजीव राव खड़ा हुए थे। उन्हें कांग्रेस ने अपना उम्मीदवार बनाया था। उनका भाजपा उम्मीदवार सुनील कुमार के साथ कांटे का मुकाबला रहा। उन्होंने काफी कम मार्जिन से भाजपा उम्मीदवार सुनील कुमार को पटकनी दी। चिरंजीव राव महज 1317 वोटों से जीत दर्ज की। उनकी जीत से बिहार राजद में भी खुशी की लहर है और उन्हें इस जीत पर बधाई दी है।
गौरतलब है कि हरियाणा में लालू की बेटी अनुष्का यादव के पति चिरंजीव राव के नामांकन में जहां बिहार से तेजस्वी यादव खुद गए हुए थे। वहीं उनके समर्थन में राजद विधायक भोला यादव भी गए हुए थे। प्रचार के अंतिम दिन उन्होंने चिरंजीव के लिए रोड शो किया था। इतना ही नहीं, वहां बिहार के रहनेवाले लोगों से अनुष्का भी मिली थीं और लालू यादव के संदेशों को बताया था। इसका फायदा आज मतगणना में देखने को मिला भी। रेवाड़ी की तीन सीटों में से जहां दो सीटों बावल व कोसाली में भाजपा की जीत हुई, वहीं रेवाड़ी में कांग्रेस उम्मीदवार चिरंजीव राव ने बाजी मारी।