अजब-गजब: यहां हैंडपंप से निकल रहा तेल, लोगों ने चलाया डीजल इंजन
बिहार के नवादा के एक गांव में अजीब वाकया देखने को मिल रहा है। यहां एक हैंडपंप से डीजल जैसा तेल निकल रहा है। इससे इंजन चलाकर देखा जा चुका है।
पटना [जेएनएन]। घर के मालिक ने पानी के लिए हैंडपंप लगाया था, लेकिन इससे तेल निकल रहा है। यह ज्वलनशील है। यह तेल डीजल है या नहीं, इसका पता नहीं चल सका है। लेकिन, इससे डीजल इंजन चलाकर देखा जा चुका है। घटना बिहार के नवादा जिले के रोह बाजार के एक घर की है।
जानकारी के अनुसार नवादा के रोह बाजार निवासी निरंजन सिंह ने रहने के लिए मकान बनवाना शुरू किया। इस क्रम में वहां एक हैंडपंप भी लगवाया। करीब 20 दिनों से इस हैंडपंप से ज्वलनशील तेल निकल रहा है। निरंजन के अनुसार इस तेल में कपड़े का टुकड़ा भिगोकर जलाने पर वह जलता है।
निरंजन ने बताया कि रोजाना सुबह में हैंडपंप से पहले 5-6 लीटर तेल निकलता है, फिर धीरे-धीरे पानी निकलने लगता है। लेकिन, इस पानी में भी डीजल या केरोसिन जैसी गंध रहती है। निरंजन की मानें तो इस तेल से वे इंजन भी चलाकर देख चुके हैं।
यह भी पढ़ी: जर्मनी से घूमने आयी थी दिल्ली, दिल दे बैठी पटनिया युवक को
निरंजन के पडोसी अनिल सिंह के हैंडपंप के पानी में भी तेल की गंध आ रही है। वहां से कुछ दूर एक पेट्रोल पंप है, लेकिन पंप कर्मियों ने तेल टंकी में लीकेज की बात से इंकार किया है।
बहरहाल, घटना से लोग हैरत में हैं।हैंड पंप से तेल निकलने की घटना देखने के लिए वहां लोगों की भीड़ उमड़ रही है। हालांकि, जिला प्रशासन ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इंकार किया है।
यह भी पढ़ी: मरीज छह, डॉक्टर सात और बेड पचास, ऐसा है राजधानी का यह अस्पताल