कुछ सीटों को लेकर नाराजगी, लेकिन बातचीत से सुलझाएंगे मसला : मांझी
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने रविवार को बिहार विधानसभा की सात सीटों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इससे पहले घोषित 13 उम्मीदवारों के साथ ही 'हम' ने राजग में अपने कोटे के सभी 20 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए।
पटना। हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) ने रविवार को बिहार विधानसभा की सात सीटों के लिए प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी कर दी। इससे पहले घोषित 13 उम्मीदवारों के साथ ही 'हम' ने राजग में अपने कोटे के सभी 20 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नाम घोषित कर दिए।
सूची जारी करते हुए पार्टी प्रमुख व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि दो-तीन सीटों पर अभी विवाद है। भाजपा से 'हम' को कम से कम तीन सीटें और मिलने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि राजग में 'हम' को कुल 20 सीटें आवंटित हैं, जबकि उसके पांच उम्मीदवारों को भाजपा अपने सिंबल पर चुनाव मैदान में उतारने की घोषणा कर चुकी है। रविवार को तीसरी सूची के साथ ही भाजपा ने अपने कोटे के 160 में से 153 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है।
इससे पहले जारी 'हम' की दूसरी सूची में भी दीघा की विधायक पूनम देवी को जगह नहीं मिली है, क्योंकि यह सीट भाजपा के खाते में चली गई है। सूची में पटना जिला परिषद की अध्यक्ष नूतन पासवान अप्रत्याशित चेहरा हैं। उन्हें मसौढ़ी से उम्मीदवार बनाया गया है।
बकौल मांझी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह से दीघा सीट पर पुनर्विचार का आग्रह किया जाएगा। निर्वतमान विधायक पूनम देवी के लिए दीघा सीट छोडऩे के साथ ही उनसे 'हम' को दो-तीन अतिरिक्त सीटें देने का अनुरोध किया जाएगा।
अपना नाम लिए बगैर मांझी ने कहा कि सबका मानना है कि विधानसभा अध्यक्ष उदय नारायण चौधरी को एकमात्र आदमी ही हरा सकता है, इसलिए इमामगंज सीट के लिए भी भाजपा से अनुरोध किया जाएगा।
इशारों में खुद की तरफदारी करने वाले मांझी पार्टी की पहली सूची में ही मखदुमपुर (सुरक्षित) से अपनी उम्मीदवारी घोषित कर चुके हैं। बहरहाल 'हम' की ओर से पांच दलित, चार मुस्लिम, चार भूमिहार, दो कुशवाहा, दो यादव उम्मीदवारों के साथ कुर्मी, राजपूत और तेली बिरादरी से एक-एक उम्मीदवार बनाए गए हैं।
'हम' की दूसरी सूची विस क्षेत्र : प्रत्याशी
1. शिवहर : लवली आनंद
2. बेला : शारिम अली
3. शेखपुरा : नरेश साव
4. सिंहेश्वर : मंजू देवी
5. शेरघाटी : मुकेश कुमार उर्फ कृष्णा यादव
6. मसौढ़ी : नूतन पासवान
7. जोकीहाट : जेबा खातून