Gun Shot in Buxar: संपत्ति विवाद में वृद्ध दंपती को मारी गोली, गंभीर स्थिति में दोनों इलाज के लिए भेजे गए वाराणसी
Gun Shot in Buxar तीन दिन के अंदर गोली मारने की छह घटनाओं से जिले में दहशत कायम हो गया है। ताजा घटना धनसोइ थानाक्षेत्र के जगमनपुर गांव की है जहां देर सोए हुए वृद्ध दम्पत्ति को किसी ने गोली मार दी है।
बक्सर, जेएनएन। जिले में विगत तीन दिनों से आग उगलती बंदूकें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। तीन दिन के अंदर गोली मारने की छह घटनाओं से जिले में दहशत कायम हो गया है। ताजा घटना धनसोइ थानाक्षेत्र के जगमनपुर गांव की है, जहां देर सोए हुए वृद्ध दम्पत्ति को किसी ने गोली मार दी है। दोनों जख्मी को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया, सर में लगी गोली से दोनों की हालत गम्भीर देखते हुए चिकित्सक ने तत्काल वाराणसी रेफर कर दिया।
सिर में सटाकर मार दी गोली
डीएसपी गोरख राम ने बताया कि घटना गुरुवार देर रात करीब 11 बजे की है। तब रोहतास के दिनारा थाना क्षेत्र अंतर्गत महरोड़ निवासी रामशंकर तिवारी धनसोइ के जगमनपुर गांव स्थित अपने ससुराल में पत्नी के साथ सोए हुए थे। तभी किसी ने घर मे प्रवेश कर बेहद करीब से दोनों के सिर में गोली मार दी। रात के सन्नाटे में गूंजी गोली चलने की आवाज सुनते ही ग्रामीण दौड़ पड़े। दोनों को खून से लथपथ देख तत्काल पुलिस को इसकी सूचना दी। इस बीच मौके पर पहुंचे धनसोइ थनाध्यक्ष ने दोनों जख्मी को सदर अस्पताल भेजने के साथ अपने उच्च अधिकारियों को घटना की सूचना दे दी। सदर अस्पताल में चिकित्सक ने दोनों के सर में गोली लगने से चिंताजनक हालत को देखते हुए तत्काल वाराणसी रेफर कर दिया। इधर गोली लगने की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार सिंह तथा सदर डीएसपी गोरख राम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। इसकी जानकारी देते सदर डीएसपी ने बताया कि जख्मी रामशंकर तिवारी के सास ससुर की कोई दूसरी संतान नहीं होने से ससुराल की सम्पत्ति मिली है, जहां वे अपनी पत्नी कमला देवी के साथ विगत 40 वर्षों से रह रहे हैं।
साली की बेटी के नाम कर दी थी जायदाद
रामशंकर तिवारी को भी कोई संतान नहीं थी, जिसके चलते उन्होंने अपने साली की बेटी को अपने साथ रखकर पालन पोषण कर रहे थे। बेटी के बड़ी हो जाने पर उन्होंने उसकी शादी कही तय कर दी थी, जिसका ससुराल की सम्पत्ति पर नजर गड़ाए उनके भाइयों द्वारा विरोध किया जा रहा था। करने के साथ ही ससुराल की सम्पत्ति उनके नाम जा रहा था। दरअसल ससुराल की सम्पत्ति पर भाई होने के नाते वो अपना हक समझते थे। इसके लिए उनके भाई बराबर दबाव बना रहे थे। डीएसपी ने बताया कि मामले में जख्मी दम्पत्ति द्वारा फिलहाल कोई बयान नहीं दिया गया है। इस बीच की गई पूछताछ में उनके एक भतीजे का नाम सामने आ रहा है। पुलिस घटना के हर पहलू की छानबीन में लगी है। फिलहाल इस मामले में अभी किसी के गिरफ्तारी की सूचना नहीं है।