पटना में हर्ष फायरिंग में चली गोलियों ने ले ली दो की जान, तीन की हालत नाजुक Patna News
बख्तियारपुर के सालिमपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात हुई हर्ष फायरिंग की अलग-अलग घटनाओं में दो की जान चली गई। जबकि तीन को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पटना, जेएनएन। बख्तियारपुर के सालिमपुर थाना क्षेत्र में बुधवार की रात अलग-अलग घटनाओं में हुई हर्ष फायरिंग में दो की जान चली गई। काला दियारा गांव में शादी के दौरान चली गोली से दूल्हे के दोस्त की मौत हो गई जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है। दूसरी घटना रूपस महाजी दियारा गांव में आयोजित जन्मदिन पार्टी के दौरान हुई। इसमें एक की मौत हो गई जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है। मृतकों की पहचान उत्तर प्रदेश के बनारस निवासी गोविंदा कुमार और वैशाली सहदेई बुजुर्ग वैशाली युवक के रूप में हुई है।
वरमाला पहनाने के दौरान चली गोली
मिली जानकारी के अनुसार बख्तियारपुर के सालिमपुर थाना क्षेत्र के काला दियारा गांव में वैशाली जिले के रुस्तमपुर से विनोद राय की बेटी की शादी के लिए बुधवार की रात बारात आई थी। शादी से पहले वरमाला पहनाने का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान खुशी का इजहार करते हुए किसी ने गोली चलानी शुरू कर दी। जिसमें तीन बारातियों को गोली लग गई। एक गोली दूल्हे के दोस्त बनारस निवासी गोविंद कुमार को लगी। जिससे घटना स्थल पर ही उसकी मौत हो गई। जबकि घायल अनिल कुमार और कालो राय राघोपुर के रुस्तमपुर तीनपैरिया निवासी हैं। दोनों को एनएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद गमगीन माहौल में किसी तरह शादी की रस्म पूरी कराई गई। सूचना पर पुलिस जांच-पड़ताल के लिए पहुंच गई है।
जन्मदिन पर हर्ष फायरिंग में युवक की मौत
सालिमपुर थाना क्षेत्र के रूपस महाजी दियारा में चंदन मिश्रा की बेटी के जन्मदिन पर बुधवार को गांव में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया था। देर रात पार्टी चल रही थी। सभी लोग नाचने-गाने में मशगूल थे। इसी दौरान फायरिंग होने लगी। जिसमें दो लोगों को गोली लग गई। घटना में चंदन के रिश्तेदार के एक दोस्त घटना स्थल पर दम तोड़ दिया। मृतक वैशाली के सरदेई बुजुर्ग का रहने वाला था। वहीं रूपस महाजी दियारा निवासी छोटू कुमार की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।