नीतीश, लालू, रविशंकर ने डाले वोट, राज्यपाल ने भी किया मतदान
बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में राज्यपाल व मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों व पूर्व मंत्रियों ने वोट डाले। यह सिलसिला जारी है।
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में राज्यपाल व मुख्यमंत्री सहित कई मंत्रियों व पूर्व मंत्रियों ने वोट डाले।
बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद ने अपनी पत्नी सविता कोविंद के साथ राजभवन परिसर स्थित राजकीय कन्या मध्य विद्यालय बूथ पर मतदान किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी बख्तियारपुर स्थिम बूथ 2014 पर अपना वोट डाला।
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पटना के महिला कॉलेज बूथ पर वोट दिया तो केन्द्रीय पेयजल व स्वच्छता राज्य मंत्री रामकृपाल यादव ने जमालरोड स्थित बूथ पर मतदान किया। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष नंदकिशोर यादव ने पटना के बूथ 171 पर अपना वोट डाला। राज्य के खाद्य आपूर्ति मंत्री श्याम रजक भी देवी दयाल उच्च विद्यालय बूथ 141 पर वोट डालने गए।
राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने पत्नी राबड़ी देवी, पुत्र तेजस्वी व तेजप्रताप तथा पुत्री मीसा के साथ वेटनरी
कॉलेज बूथ 150 पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने सपरिवार राजेन्द्र नगर रोड नम्बर पांच स्थित बूथ 46 पर वोट डाला।