Bihar School Opening: कल से खुल रहे बिहार के सरकारी स्कूल, पटना में सवा चार घंटे ही होगी पढ़ाई
School Opening in Bihar कल से खुल जाएंगे बिहार के सभी सरकारी स्कूल भीषण गर्मी जारी रहने की वजह से फिलहाल सुबह की शिफ्ट में ही चलेंगे स्कूल पटना जिले में 30 जून तक सुबह 6.30 से 10.45 तक होगा स्कूल
जागरण संवाददाता, पटना। Summer Vacation in Schools: बिहार में गर्मी की छ्ट्टी के उपरांत 15 जून से सभी सरकारी स्कूल खुल जाएंगे। इस बीच भीषण गर्मी को देखते हुए स्कूलों का समय जिलों के स्तर पर निर्धारित किया जा रहा है। पटना जिले में आगामी 30 जून तक स्कूल संचालित करने का समय 6.30 से 10.45 बजे तक रखा गया है। प्राथमिक विद्यालयों में 10.45 बजे तक बच्चों को मध्याह्न भोजन दिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी अमित कुमार का कहना है कि राज्य सरकार के आदेश से 15 जून को सभी सरकारी विद्यालय खोल दिए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों में तैयारी शुरू कर दी गई है।
मौसम में सुधार के बाद बदल सकता है समय
वर्तमान में राजधानी समेत पूरे जिले में भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐसे में बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखकर स्कूल का संचालन सुबह में कराने का निर्णय लिया गया है। हालांकि, अगले दो से तीन दिन में राज्य में मानसून का असर दिखने की उम्मीद है। मानसून अगर सही तरीके से असर दिखाता है, तो मौसम के मिजाज में थोड़ी राहत की उम्मीद रहेगी। इसके बाद स्कूलों के समय को पुनर्निर्धारित किया जा सकता है।
18 जून को खुल जाएंगे सभी केंद्रीय विद्यालय
गर्मी की छ्ट्टी के बाद देश भर के केंद्रीय विद्यालय 18 जून से खुल जाएंगे। इसके लिए केंद्रीय विद्यालय संगठन ने सभी स्कूलों के प्राचार्यों को निर्देश दिया है। केंद्रीय विद्यालय बेली रोड के प्राचार्य पीके सिंह का कहना है कि स्कूल खुलते ही 21 जून को विश्व योग दिवस की तैयारी शुरू कर दी जाएगी। इस वर्ष केंद्रीय विद्यालय की ओर से राजधानी के गांधी मैदान में योग दिवस का आयोजन किया जाएगा।
निजी स्कूल भी खुलने लगे हैं
पटना के निजी स्कूल भी एक-एक कर खुलने लगे हैं। कुछ स्कूल अगले एक हफ्ते के दौरान खुल जाएंगे। पटना में प्रशासन की ओर से जारी ताजा आदेश में निजी स्कूलों के लिए समय का जिक्र नहीं किया गया है। हालांकि, निजी स्कूल भी फिलहाल गर्मी को देखते हुए सुबह की शिफ्ट में ही चल रहे हैं।