यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लड़की से दुष्कर्म के बाद पटना एयरपोर्ट पर पाइप में ठूंस दिया था, तीन दिनों बाद भी कोई पहचान नहीं पा रहा
तीन दिन पहले राजधानी में बड़ी वारदात हुई थी। पटना एयरपोर्ट पर पाइप में एक महिला का शव मिला था। ...और पढ़ें

HighLights
- वजाइनल स्वाब भेजा गया एफएसएल जांच को
- दम घुटने से मौत की जताई जा रही आशंका
- तीसरे दिन भी नहीं हो सकी महिला की शिनाख्त
जागरण संवाददाता, पटना। जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा (पटना एयरपोर्ट) की नई टर्मिनल बिल्डिंग में वाटर हार्वेस्टिंग की पाइप में मिली मृत युवती से सामूहिक दुष्कर्म किया गया था। इसके बाद मुंह दबा कर उसकी हत्या कर दी गई। हालांकि, अब तक अधिकारिक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है।
तीन दिन बाद भी पहचान नहीं
तीन दिनों बाद भी युवती की पहचान नहीं हो सकी है। यदि किसी ने दावा नहीं किया तो पुलिस शव को लावारिस मान कर बुधवार को उसका अंतिम संस्कार कर देगी। पोस्टमार्टम विभाग के सूत्रों के अनुसार, युवती के गुप्तांग से भारी मात्रा में सीमन मिले हैं। साथ ही गुप्तांग के आसपास खून के धब्बे भी थे, जिससे सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि करते हैं।
जांच के लिए भेजा गया सीमन का स्वाब
सीमन का स्वाब तैयार कर जांच के लिए एफएसएल भेज दिया गया है। इससे मालूम हो पाएगा कि कितने लोग दुष्कर्म में शामिल थे। इसके अलावा युवती के गले पर निशान नहीं मिला, लेकिन दम घुटने से उसकी मौत की आशंका व्यक्त की गई है।
कई तरह के लगाए जा रहे कयास
इससे अंदेशा है कि उसके मुंह पर कपड़ा ढका गया होगा। यह एक व्यक्ति का काम नहीं हो सकता और इसमें काफी समय भी लगा होगा। कयास है कि वारदात में दो या उससे अधिक लोग संलिप्त थे। इस घटना को रात में अंजाम दिया गया होगा। सचिवालय एसडीपीओ-1 डा. अनु कुमारी ने शव की पहचान करने का हरसंभव प्रयास जारी है।
युवती के शादीशुदा होने पर संदेह
पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार, युवती की आयु लगभग 30 वर्ष है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव अकड़ चुका था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि शव मिलने से 12 से 18 घंटे पहले जान गई थी। पोस्टमार्टम के दौरान ऐसे साक्ष्य नहीं मिले, जिससे यह पता चल कि वह मां बन चुकी थी या कभी गर्भपात कराया गया हो? ऐसे में उसके शादीशुदा होने की आशंका नहीं जताई जा सकती है।
पुलिस ने की गुप्तचरों की तैनाती
इधर, मौके से मिले युवती के कपड़ों को देख कर यह संदेह व्यक्त किया जा रहा है कि वह साधारण अथवा निम्न वर्गीय परिवार की थी। पुलिस ने गुप्तचरों की तैनाती कर दी है। लिहाजा, वारदात के बाद से एयरपोर्ट पर कर्मी इस मामले में आपस में भी चर्चा करने से डर रहे हैं।
शुक्रवार की रात का फुटेज खंगाल रही पुलिस
अब तक की जांच से स्पष्ट हो गया कि पाइप में मिली युवती शनिवार को एयरपोर्ट की नई बिल्डिंग में नहीं आई थी। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े 22 कैमरों के फुटेज खंगाल डाले। अब गुरुवार और शुक्रवार के फुटेज देखे जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो परस्थितियों और साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने जांच को दिशा देने के लिए एक अपुष्ट थ्योरी बनाई है, जिसके तहत यह माना जा रहा है कि वारदात शुक्रवार की रात हुई थी।
मानिसक रूप से कमजोर होने की बात
संभव है कि यह युवती मानिसक रूप से कमजोर होगी। यहां भटक कर पीर अली गोलंबर से पटेल गोलंबर के बीच आ गई होगी। इस बीच एयरपोर्ट की नई बिल्डिंग में काम करने वाला कोई मजदूर बाहर गया होगा, जिसकी नजर युवती पर पड़ी और वह बहला-फुसला कर उसे अंदर लाया। इसके बाद उसने साथियों के साथ मिल कर दुष्कर्म किया, फिर युवती की हत्या कर शव को पाइप में डाल दिया।
पुराने निकास मार्ग की तरफ से लाया गया होगा
युवती को पुराने निकास मार्ग की तरफ से लाया गया होगा, क्योंकि वहां निर्माण कार्य के कारण कैमरे हटा दिए गए हैं। यही वजह है कि युवती परिसर में लगे किसी कैमरे में कैद नहीं हो सकी। पुलिस डुमरा चौकी से पटेल गोलंबर के बीच लगे कैमरों के फुटेज भी निकालने में जुट गई है। साथ ही शुक्रवार की रात काम पर लगे मजदूरों की सूची तैयार की गई है। सभी से अलग-अलग पूछताछ जारी है।
एयरपोर्ट एडमिन में कार्यरत अधिकारी ने दी थी सूचना
वारदात की बाबत पटना एयरपोर्ट में एडमिन विभाग में कार्यरत एम अवेथराम की लिखित शिकायत पर हत्या की प्राथमिकी की गई। इसमें उन्होंने बताया कि 10 मई की शाम पांच बजे कुछ मजदूरों ने सूचित किया कि बरसात का पानी गिराने वाली लोहे की पाइप से सड़ांध आ रहा है।
पैर दिखा तो निकाला शव
पाइप में झांक कर देखा गया तो अंदर किसी मनुष्य का पैर दिखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने गैस कटर से पाइप काटकर युवती का शव बाहर निकाला। पुलिस के मुताबिक, युवती के शरीर के ऊपरी भाग में कपड़े नहीं थे। वहां काम करने वाली तीन एजेंसियों से महिलाकर्मियों की सूची मांगी गई थी, लेकिन कोई भी गायब नहीं है। पुलिस ने उपस्थिति पंजी जब्त कर ली है। पोस्टमार्टम के बाद बेसरा सुरक्षित रखा गया है।
