खुदकुशी करने निकली लड़की को हुआ प्यार, मंदिर में रचा ली शादी
सौतेली मां की प्रताड़ना से तंग होकर खुदकुशी करने निकली लड़की को रास्ते में एक ऐसा युवक मिला, जिसके साथ उसने नई जिंदगी जीने का फैसला किया। दोनों ने मंदिर में शादी कर ली।
पटना [जेएनएन]। सौतेली मां की प्रताडऩा से तंग आकर खुदकशी करने घर से निकली युवती को युवक का साथ ऐसा मिला कि उसकी गृहस्थी बस गई।दोनों ने बिहार के जमुई जिले के मलयपुर स्थित पत्नेश्वरनाथ मंदिर में शादी कर ली। युवक के परिजनों ने भी उसे अपने घर का सदस्य मान लिया।
आत्महत्या करने निकली थी युवती
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के कुकुलकारी गांव निवासी गंगा प्रसाद की बेटी अंजनी कुमारी सौतेली मां की प्रताडऩा से तंग आकर खुदकशी करने घर से भाग निकली। बकौल अंजनी सौतेली मां कई दिनों तक उसे खाना भी नहीं देती थी।
वह अजमेर-भिलवाड़ा रेलमार्ग पर गुणा स्टेशन पर एक ट्रेन पर सवार हो गई। बार-बार ट्रेन के गेट पर जाकर कूदने का प्रयास कर रही थी। इसी दौरान यात्रियों ने उससे पूछताछ करनी शुरू कर दी। उसी ट्रेन में जमुई जिला अंतर्गत खैरा प्रखंड के बरियारपुर गांव निवासी विकास सिंह अपने दोस्तों के साथ सफर कर रहा था।
युवती की आपबीती उसने भी अन्य यात्रियों के साथ सुनी। सभी शांत हो गए मगर विकास युवती को बहन बनाकर जमुई स्थित अपने गांव ले आया।
घर में हुआ विरोध
विकास के घर पहुंचते ही उसकी पत्नी सहित परिजन ने अंजनी को रखने से मना कर दिया। विकास ने उसे अपने पड़ोसी के घर रखा। इस दौरान अंजनी की मुलाकात इसी गांव के रमाकांत सिंह के पुत्र संजीव कुमार से हुई। अंजनी की कहानी सुनकर उसने शादी करने की इच्छा प्रकट की।
क्षत्रिय संघ की पहल
अपने घर वापस जाने से इन्कार करने के बाद अखिल भारतीय क्षत्रिय संघ ने उसकी शादी करने की पहल की। संजीव से बात करने के साथ ही संघ ने जमुई थाना की मदद से छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पसनचकेड़ी थाना में सूचित कर अंजनी के परिजनों को जमुई बुलाया। गुरुवार को संजीव और अंजली की शादी हो गई।