पहले प्यार, फिर तकरार और आखिरकार प्रेमिका की हत्या, जानें पूरी कहानी
जिस प्रेमी के लिए प्रेमिका ने अपना सबकुछ छोड़ दिया, इसके बदले उसे खाैफनाक सजा मिली। पुलिस ने युवती का ढाई फीट के गड्ढे में दबा शव बरामद किया।
बेगूसराय [जेएनएन]। पहले प्यार, फिर शादी और कुछ दिनों बाद शुरू हो गया तकरार। प्रेमिका ने प्रेमी को मनाने की काफी कोशिश की। अपने घरवालों से बगावत कर गई। जिस प्रेमी के लिए अपना सबकुछ छोड़ दिया, इसके बदले उसे ऐसी खाैफनाक सजा मिली, जिसे सुनका आपकी रूह कांप जायेगी।
बिहार के बेगूसराय के नगर थाना क्षेत्र के विष्णुपुर मोहल्ले के नौलखा मंदिर के पास खेत से सोमवार को पुलिस ने युवती का ढाई फीट के गड्ढे में दबा शव निकलवाया। युवती की उम्र 23 वर्ष थी। चेहरे एवं शरीर पर चोट के निशान हैं। पहचान मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एघु निवासी सुधीर मिश्र की पुत्री प्रियंका कुमारी के रूप में हुई है। पिता ने उसके प्रेमी कुणाल व उसके परिवार वालों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस छानबीन कर रही है।
रविवार की रात विष्णुपुर मोहल्ले में ई-रिक्शा की बैटरी चोरी हो गई थी। सोमवार की सुबह बैटरी चोरी की सूचना फैली। खेत में ताजा खुदा हुआ मिट्टी को देखकर लोगों ने सोचा कि कहीं उसमें बैटरी तो नहीं छुपा कर रखी गई है। आनन-फानन खोदाई शुरू कर दी। खोदाई होते ही युवती का शव लोगों ने देखा। सूचना नगर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। नगर थाना अध्यक्ष सुनील कुमार ङ्क्षसह ने बताया कि शव को देखने से ऐसा प्रतीत होता है कि युवती की हत्या रविवार को की गई है और रात्रि में शव को गड्ढे में दबा दिया।
दिल्ली में पढ़ाई कर रही थी
पिता द्वारा पुलिस के समक्ष दिए बयान में कहा गया है कि उनकी पुत्री प्रियंका पीजी इकोनॉमिक्स की छात्रा थी। वह दिल्ली में रहकर पढ़ाई कर रही थी। कुछ वर्ष पूर्व पढ़ाई करने के लिए रांची गई थी। वहीं गांव के निवासी संवेदक अशोक ङ्क्षसह के पुत्र कुणाल कुमार के साथ प्रियंका की दोस्ती हुई थी। इसके बाद दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई।
मंदिर में कर ली शादी
दोनों ने किसी मंदिर में शादी कर ली और कुछ दिनों तक रांची में एक साथ रहे। घर वालों को कुछ पता नहीं चला। बाद में कुणाल ने प्रियंका को छोड़ दिया। इसके बाद प्रियंका दिल्ली चली गई और पढ़ाई करने लगी। प्रियंका लगातार कुणाल को मनाने में लगी रही, परंतु जब कुणाल ने उसकी बात नहीं मानी तब वह दिसंबर 2017 को वापस अपने गांव आई और कुणाल से मिलना चाह रही थी तभी उन लोगों को प्रियंका और कुणाल के बीच के रिश्ते की जानकारी मिली इसपर उन लोगों ने पुत्री को समझाने का प्रयास किया था।
21 दिसंबर को प्रियंका घर में झगड़ा करने के बाद मुफस्सिल थाना पुलिस को घर पर बुलाया और तत्कालीन थानाध्यक्ष संजय कुमार झा के साथ थाना चली गई और जाते यह लिखकर घर वालों को दे गई कि आगे से उसे मां-बाप से कोई लेना-देना नहीं है।
प्रेमी के खिलाफ किया था मुकदमा
थाने में प्रियंका ने कुणाल, कुणाल के पिता अशोक सिंह तथा परिवारवालों के खिलाफ यौन उत्पीडऩ व दहेज प्रताडऩा की प्राथमिकी भी दर्ज कराई थी। पुलिस कुणाल की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर रही थी। इसके बाद पुलिस ने मेडिकल कराया और न्यायालय में 164 का बयान कराया। उसने कुणाल के साथ रिश्ते की बात कहने के साथ यह यह भी कहा था कि उसे घर वापस जाने पर जानमाल का खतरा है।
न्यायालय के निर्देश पर पुलिस अभिरक्षा में दिल्ली के एक महिला छात्रावास में उसे पहुंचा दिया गया था। पिता ने बताया कि पांच-छह दिन पूर्व भी उसकी पुत्री से बातचीत हुई थी। बातचीत में समझाया गया था। रविवार को प्रियंका जन्मदिन था। उसके भाई ने उसे वाट्सएप पर बधाई भी दी थी, परंतु इसका कोई जवाब नहीं मिला था और सोमवार को किसी ने सूचना दी कि उसकी पुत्री की हत्या कर दी गई है।