बिहार: गिरिराज ने चेताया, कहा- देश विरोधी तत्वों को धूल चटाएगी बीजेपी सरकार
बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र पर पूरे देश की नजर हैै। बेगूसराय में शुक्रवार को गिरिराज सिंह और नितिन नवीन ने विरोधियों को निशाना बनाया। कहा देशविरोधी ताकतों को जनता पहचानती है।
बेगूसराय, जेएनएन। बिहार के बेगूसराय लोकसभा क्षेत्र पर पूरे देश की नजर हैै। बेगूसराय में शुक्रवार को गिरिराज सिंह ने जहां रोड शो किया, वहीं भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन भी उनके समर्थन में वहां पहुंचे थे। केंद्रीय राज्य मंत्री व एनडीए प्रत्याशी गिरिराज सिंह और नितिन नवीन ने कहा कि देश विरोधी ताकतों से बीजेपी कभी भी समझौता नहीं करेगी। वैसे तत्वों को बीजेपी धूल चटाएगी। जनता को ऐसे तत्वों के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है।
गिरिराज सिंह शु्क्रवार को बेगूसराय के मटिहानी विधानसभा क्षेत्र में रोड शो किया। इस दौरान उन्होंने केंद्र में मोदी सरकार को एक और मौका देने के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा। रोड शो के दौरान मोसादपुर, केशावे, महना, नूरपुर, रामदीरी-एक, रामदीरी-दो, रचियाही, रामदीरी-तीन, सिहमा, मटिहानी-दो, मटिहानी-एक, खोरमपुर,बलहपुर-दो, बलहपुर-एक, गोरगामा, दरियापुर, साफापुर, सोनापुर, सैदपुर, मनिअप्पा सहित कई गांवों में गए।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार विगत पांच वर्षों में विकास के रास्ते पर चलकर सौहार्दपूर्ण माहौल में देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने में सक्षम हुए हैं। अलगाववादियों, आतंकवादियों एवं नक्सलियों के समूल नाश को हमारी सरकार निरंतर कार्यरत है और इस दिशा में हमने कई उपलब्धियां हासिल की हैं, परंतु हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। जब तक देश के कोने-कोने में छिपे देश विरोधी ताकतों को चिन्हित कर उसे राष्ट्रीय सुरक्षा के मद्देनजर सजा मुकम्मल नहीं हो जाती है, तब तक हमारी लड़ाई अनवरत रूप से जारी रहेगी।
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस प्रकार से पिछले कई दशकों से लोगों की अपेक्षा कर परिवार विशेष को बढ़ावा देने का काम किया गया एवं गरीबों मजदूर वर्ग के लोगों के हक का पैसा एक परिवार का पैसा बनकर रह गया, पिछले पांच वर्षों में हमने संपूर्ण राष्ट्र को इससे मुक्ति दिलाई है। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों का केंद्र सरकार का कार्यकाल निष्कलंक रहा है। राष्ट्रीय सुरक्षा, सामाजिक समरसता, धार्मिक सौहार्द एवं सबका साथ सबका विकास के मूल मंत्र पर चलकर ना केवल देश को वैश्विक पटल पर एक मजबूत पहचान दिलाई है, बल्कि तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के मामले में भी भारत सर्वोपरि है।
उधर एनडीए के चुनाव कार्यालय में भाजयुमो की हुई बैठक में प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि देश विरोधी तत्वों के खिलाफ बेगूसराय की जनता एकजुट होकर खड़ी है। तेज विकास के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा को तरजीह देकर एक मजबूत एवं सशक्त सरकार बनाने को जनता तैयार है। भाजपा युवा मोर्चा के संपूर्ण कार्यकर्ता एनडीए के विजय संकल्प के साथ जी-तोड़ मेहनत कर रहे हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि बेगूसराय लोकसभा सीट के हर बूथ पर एनडीए कार्यकर्ता पूरी तन्मयता के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे। बैठक में पूर्व विधायक सुरेंद्र मेहता, भाजयुमो के जिलाध्यक्ष कुणाल कुमार, मृत्युंजय कुमार वीरेश आदि मौजूद थे।