अयोध्या मसले पर गिरिराज ने राहुल पर कसा तंज, कहा- यह करोड़ों की आस्था का मामला
केंद्रीय राज्यमंत्री गिरिराज सिंह ने अयोध्या में राम मंदिर मामले में राहुल गांधी पर तंज कसा है। उन्होंने इसे करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा मामला बताया है।
पटना [जेएनएन]। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी के जनेऊ और मंदिर जाने पर जमकर तंज कसा। उन्होंने कहा कि 'जनेऊधारी' राहुल गांधी को बताना चाहिए कि वो मंदिर जा रहे हैं और उनकी पार्टी के नेता कपिल सिब्बल राम मंदिर के खिलाफ मुकदमा लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का मामला है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि मुसलमानों को जैसे मक्का-मदीना में आस्था है, हिंदूओं की अयोध्या में आस्था है। कहा कि भारत में कोई यह नहीं कह सकता कि वो बाबर की औलाद है। यहां पर हिंदू-मुसलमान दोनों राम की औलाद हैं। राम मंदिर तो यहीं बनेगा।
अयोध्या मामले पर बुद्धिजीवियों के सुझाव पर गिरिराज ने पूछा कि देश के करोड़ों लोगों की आस्था इनके हाथ में है क्या? आगे यह भी कहा कि वे भारत के नागरिक हैं, इसलिए ऐसा बोल रहे हैं। अगर पाकिस्तान के नागरिक होते तो जुबान नहीं खुलती। ये अवार्ड वापसी वाले लोग उस समय कहां ते जब जेएनयू में बीफ पार्टी हो रही थी?
ये तब कहां थे, जब कश्मीर में सेना के जवानों पर अलगाववादी पत्थर फेंकवा रहे थे? आगे कहा कि ये लोग ही फांसी की रात अफजल गुरु के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटा रहे थे।
राहुल गांधी के समर्थन में बयान देने को लेकर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद पर पलटवार किया। उन्होंने कहा है कि लालू राहुल गांधी का बचाव करने के पहले खुद का बचाव करें, आजकल वो कलंक का टीका लेकर पटना से रांची घूम रहे हैं। गिरिराज ने यह भी कहा कि लालू प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुकाबला करने की कोशिश नहीं करें।