Lok Sabha Election Exit Poll को ले गिरिराज का तंज- अब ICU में होंगी ममता, दी ये सलाह
Lok Sabha Election Exit Poll को लेकर बयानों का सिलसिला तेज है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने भी विपक्ष पर तंज कसते हुए ट्वीट किया है। क्या है मामला जानिए।
पटना [जेएनएन]। लोकसभा चुनाव के सभी चरणों के मतदान की समाप्ति के बाद आए एग्जिट पोल के नतीजों से राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की बल्ले-बल्ले है तो विपक्ष सकते में है। एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में मंत्री और बेगूसराय लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) प्रत्याशी गिरिराज सिंह ने विपक्ष पर हमला बोला है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि एग्जिट पोल देखकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और आंध्र प्रेदश के सीएम चंद्रबाबू नायडू समेत सम्पूर्ण विपक्षी नेता राजनीतिक रूप से आइसीयू में पहुंच गए हैं।
विपक्ष के लिए किया ये ट्वीट
गिरिराज सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है, ''एग्जिट पोल देखकर ममता बनर्जी एवं चंद्रबाबू नायडू समेत सम्पूर्ण विपक्ष राजनीतिक रुप से आइसीयू में पहुंच गए हैं।'' अपने ट्वीट में गिरिराज सिंह ने आगे विपक्ष को ये सलाह दी है, ''अब 23 तारीख के बाद इन सभी को जनता के बीच राजनीतिक पश्चाताप करना चाहिए, ताकि इन्हें राजनीतिक मोक्ष की प्राप्ति हो सके।''
विदित हो कि गिरिराज सिंह भाजपा के फायरब्रांड नेता माने जाते हैं। वे अपने कड़े व बड़े बयानों को लेकर चर्चा में रहते आए हैं। इस बार वे बिहार के बेगूसराय सीट पर लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं। उनके खिलाफ भाजपा व नरेंद्र मोदी के खिलाफ बड़ा चेहरा बनकर उभरे कन्हैया कुमार भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप