बिहार में बढ़ते अपराध पर बेबस दिखे गिरिराज: CM नीतीश का नाम लिए बिना बोले- ऐसे नहीं चलेगा
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बिना फिर बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। कहा है कि वे वरीय पुलिस अधिकारियों से बात करेंगे।
पटना [जेएनएन]। बिहार के बेगूसराय में तीन दिनों के दौरान एक परिवार के तीन सदस्यों सहित सात लोगों की हत्याओं पर स्थानीय भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) सांसद व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का नाम लिए बगैर उनकी सरकार में कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े किए तथा कहा कि इस तरह से तो नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि बिहार की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार में बीजेपी भी भागीदार है, इसलिए समझ नहीं आता कि आखिर बोलें तो क्या बोलें। उन्होंने बेगूसराय के तिहरे हत्याकांड के पीड़ितों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी है।
एनडीए में रहते हुए भी बीजेपी सांसद गिरिराज सिंह बिहार सरकार, खासकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) सुप्रीमो नीतीश कुमार के बड़े आलोचक रहे हैं। उनके ताजा बयान इसी की कड़ी है।
अपराध चरम पर, 72 घंटे में सात की हत्या
गिरिराज सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा है कि बेगूसराय में अपराध चरम पर है। उन्होंने आगे लिखा है कि स्थिति यह है कि एक हत्या पीड़ित से मिलने जाते हैं, तबतक दूसरी हत्या की सूचना मिल जाती है। बीते 72 घंटों में 10 लोगों पर गोली चली, जिनमें सात की मौत हो गई है।
बेगूसराय में अपराध चरम पर हाल यह है कि एक हत्या पीड़ित से मिलने जाता हूं तबतक दूसरी हत्या हो जाती है,पिछले 72 घंटों में 10 लोगों पर गोली चली है जिसमें 7 मौत हुई है।
बजलपुरा,तेघड़ा में सुजित के पीड़ित परिवार से मिला।
इस तरह से नहीं चलेगा आज पुलिस के वरीय अधिकारियों से बात करूंगा। pic.twitter.com/YUIH01fzcw
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) October 29, 2019
बिहार सरकार में भागीदारी को ले जताई बेबसी
गिरिराज सिंह ने तेघड़ा में अपराधियों की गोली से मारे गए युवक संजीत साह उर्फ पेंटर की परिवार से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कहा कि बिहार सरकार में बीजेपी की भी भागीदारी है, इसलिए समझ नहीं आता कि क्या बोलें। उन्होंने कहा कि बेगूसराय में अपराधियों के मन में कानून का भय नहीं रहा।
तिहरे हत्याकांड के पीड़ितों से की मुलाकात
गिरिराज सिंह ने अपने एक अन्य ट्वीट में बेगूसराय के तिहरे हत्याकांड (Triple Murder) के पीड़ितों से मुलाकात की भी जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि मचहा में हुए तिहरे हत्याकांड ने बेगूसराय को झकझोर के रख दिया है। गिरिराज सिंह ने पीड़ित परिवार के अन्य सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की।
मचहा, बेगूसराय में हुए हत्याकांड ने बेगूसराय को झकझोर के रख दिया है ,उस परिवार से मिलकर उनको सांत्वना दी एवं पुलिस को बाकी बचे परिवार के सदस्यों को सुरक्षा मुहैया कराने के लिए बोला। pic.twitter.com/Y2nZEeqE3O
— Shandilya Giriraj Singh (@girirajsinghbjp) October 29, 2019
विदित हो कि दीपावली (Deepavali) की रात बेगूसराय के सिंघौल थाना क्षेत्र स्थित मचहा गांव में एक परिवार के तीन सदस्यों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अपराधी पूरे परिवार की हत्या करना चाहते थे, लेकिन कारतूस समाप्त हो जाने के कारण दो की जान बच गई।