कहां छिपी बैठी है पटना की खुशबू? तलाश रही गाजियाबाद पुलिस, 1.34 करोड़ रुपये से जुड़ा मामला
गाजियाबाद साइबर पुलिस 1.34 करोड़ रुपये की ठगी के मामले में पटना की खुशबू की तलाश कर रही है। यह ...और पढ़ें

साइबर ठगी मामले में युवती की तलाश तेज। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
गाजियाबाद पुलिस 1.34 करोड़ रुपये ठगी मामले की जांच कर रही।
पटना की खुशबू की भूमिका सामने आई, पुलिस तलाश में जुटी।
न्यायिक अधिकारियों को बेटे को जेल भेजने का डर दिखाकर ठगा।
जागरण संवाददाता, पटना। न्यायिक अधिकारियों को नजदीकी का झांसा देकर 1.34 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह की जांच अब पटना तक पहुंच गई है।
गाजियाबाद साइबर थाने की पुलिस ने गिरोह के एक शातिर को बनारस से गिरफ्तार किया है। पूछताछ और तकनीकी जांच में पटना की एक युवती की भूमिका सामने आ रही है।
पटना की खुशबू ने की थी गिरोह के सदस्यों की मदद
पुलिस अब खुशबू नाम की युवती की तलाश में जुटी है। जांच में पता चला है कि खुशबू ने गिरोह के सदस्यों की मदद की थी। गाजियाबाद पुलिस ने उसके बारे में जानकारी जुटाने के लिए पटना पुलिस से संपर्क किया है।
स्थानीय पुलिस की मदद से उसके पते और पहचान का सत्यापन कराया जा रहा है। इसके साथ ही संदिग्ध मोबाइल नंबरों की तकनीकी जांच और बैंक खातों का सत्यापन भी किया जा रहा है।
बेटे को जेल भेजवाने का डर दिखा ऐंठ लिए थे 1.34 करोड़
पुलिस के अनुसार जालसाजों ने फेसबुक के माध्यम से पीड़ित से संपर्क किया था। आरोपितों ने खुद को पुजारी बताते हुए सरकारी कार्यालयों में अच्छी पकड़ होने का दावा किया।
इसके बाद पीड़ित को उसके बेटे को जेल भिजवा देने का डर दिखाया गया। झांसे में लेकर अलग-अलग माध्यमों से उससे करीब 1.34 करोड़ रुपये की रकम ठग ली गई।
आरोपित के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है। पुलिस अन्य संदिग्धों की भूमिका खंगालने के साथ रकम के लेनदेन से जुड़े खातों की जानकारी जुटा रही है।
बैंक खातों में रकम फ्रीज कराने की कार्रवाई की गई थी। फ्रीज रकम पीड़ित को वापस कराने की प्रक्रिया चल रही है।
