जॉर्ज फर्नांडिस के निधन पर बिहार में राजकीय शोक, नीतीश-तेजस्वी ने किए अंतिम दर्शन
समाजवाद के प्रखर नेता जॉर्ज फर्नांडिस नहीं रहे। उनके निधन पर बिहार में दो दिन का राजकीय शोक है। सीएम नीतीश व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी ने अंतिम दर्शन किए।
पटना जेएनएन। समाजवाद के प्रखर नेता जॉर्ज फर्नांडिस नहीं रहे। जॉर्ज फर्नांडिस का बिहार से गहरा रिश्ता था। वे जनता दल के संस्थापक सदस्य थे। उनके निधन पर पूरे बिहार में दो दिन का राजकीय शोक है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव दिल्ली गए हुए हैं। दोनों नेताओं ने मंगलवार की रात उनके अंतिम दर्शन किए। वहीं बिहार के राजनीतिक गलियारों में हर कोई दुखी है। जाॅर्ज फर्नांडिस के निधन पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद, केंद्रीय मंत्री रामविालास पासवान, पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव समेत तमाम नेताओं ने दुख जताया।
बता दें कि गैर कांग्रेस दलों की अगुआई करने वाले जाॅर्ज फर्नांडिस का मंगलवार को दिल्ली में पत्नी लैला फर्नांडिस के आवास पर निधन हो गया था। वे पिछले 10 सालों से बीमार थे। उन्हें अल्जाइमर की बीमारी थी। इन दिनों उन्हें स्वाइन फ्लू हो गया था। दिल्ली के मैक्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था, लेकिन वे नहीं बच सके।
बिहार के राज्यपाल लालजी टंडन ने भी जॉर्ज के निधन पर दुख जताया तथा ट्वीट कर कहा कि जार्ज फर्नांडिस सादा जीवन, उच्च विचार से प्रेरित रहे। वहीं सीएम नीतीश कुमार ने कहा, जॉर्ज साहब की भरपाई असंभव है। उनके निधन से राजनीतिक जगत को गहरा झटका लगा है। वे ट्रेड यूनियन के लीडर थे तथा न्याय के लिए जाने जाते थे। देश ने बड़ी राजनीतिक शख्सियत को खो दिया। उन्हाेंने मजदूरों के लिए लंबी लड़ाई लड़ी थी। पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने दुख जताते हुए कहा कि जॉर्ज साहब के निधन से गहरा दुख पहुंचा है। वे हमेशा याद आएंगे।
केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने कहा कि वे कई बार जॉर्ज साहब से मिले थे। वे मजदूरों के लिए हमेशा लड़ते रहे। वे समाज के वंचित लोगों को इंसाफ दिलाने के लिए हमेशा आगे रहे। राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने भी उन्हें संघर्षशील नेता बताया। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव केसी त्यागी ने कहा कि गैर कांग्रेस राजनीति में उनका अहम योगदान था। बिहार से उनका गहरा नाता था। उधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी दुख जताया है। उन्होंने कहा कि जॉर्ज साहब के रास्ते पर युवाओं को चलने की जरूरत है।
दिवंगत जॉर्ज फर्नांडिस के अंतिम दर्शन करने को सीएम नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव मंगलवार को ही दिल्ली पहुंचे। सीएम नीतीश ने उनके आवास पर जाकर दिवंगत आत्मा काे श्रद्धांजलि दी। वे जार्ज फर्नांडिस की पत्नी लैला फर्नांडिस से भी मुलाकात की। वहीं बाद में तेजस्वी यादव भी उनके आवास पर पहुंचे। तेजस्वी के साथ राजद सांसद मनोज झा भी मौजूद रहे। राजद नेताओं ने भी उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।