विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पटना में गंगा किनारे से हटेगा अतिक्रमण, जमीन का टीम ने किया सर्वे; 193 लोगों को नोटिस

Published: Tue, 28 Jul 2026 06:50 AM (IST)

पटना सिटी में गंगा किनारे की असर्वेक्षित भूमि का सर्वेक्षण करने के लिए सारण और पटना जिले के अधिकारियों की टीम पहुंची।

चिह्नित करते सर्वेक्षण टीम के सदस्यगण। (जागरण)

चिह्नित करते सर्वेक्षण टीम के सदस्यगण। (जागरण)

HighLights

  1. गंगा किनारे असर्वेक्षित भूमि का सर्वेक्षण शुरू।

  2. 193 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस।

  3. सोनपुर की फर्जी रसीदें होंगी रद।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी। गंगा किनारे की असर्वेक्षित भूमि का सर्वेक्षण करने के लिए सारण व पटना जिला के अधिकारियों की टीम सोमवार को पहुंची।

गायघाट से लेकर कंगन घाट के बीच में सारण से आए एडीएम व सोनपुर के अंचालधिकारी, पटना के एडीएम कुमार ओमकेश्वर, एसडीओ सत्यम सहाय, पटना सिटी के अंचलाधिकारी चंदन कुमार, कर्मचारी के साथ अमीन व अन्य अधिकारियों के दल ने गंगा किनारे का स्थल निरीक्षण किया। अनुमंडलाधिकारी सत्यम सहाय ने बताया कि गंगा किनारे के 193 लोगों को नोटिस दिया गया है।

सर्वेक्षण कर रहे अधिकारियों ने बताया कि सारण से पटना जिला को स्थानांतरित असर्वेक्षित भूमि पर से कायम अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया जायेगा।

लोगों में मची अफरातफरी

सर्वेक्षण कर रहे अधिकारियों की संयुक्त टीम को देख वर्षों से गंगा किनारे रह रहे लोगों में अफरातफरी मच गई। अवैध रूप से कब्जा जमाए लोगों के बीच आशियाना उजड़ने का भय सताने लगा है।

सर्वेक्षण कर रहे अधिकारियों ने बताया कि सारण की ओर से पटना जिला को गंगा किनारे की थाना संख्या 169 और 170 असर्वेक्षित भूमि का स्थानांतरण किया गया।

भूमि पर दखल कब्जा किए लोगों द्वारा थाना संख्या 110 की रसीद दिखाई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि कब्जाधारियों को निर्देशित किया गया है कि वे सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ क्षेत्र में स्थित थाना संख्या 110 में अपनी जमीन खोजे।

एसडीओ सत्यम सहाय ने बताया कि निरीक्षण के दौरान यह तय हुआ कि सोनपुर के अंचलाधिकारी के माध्यम से जारी ऐसी जमाबंदी रसीदों को रद किया जायेगा।

यह भी पढ़ें- पटना में खुलेंगे 200 नए सुधा बूथ, स्मार्ट सिटी की दुकानें बनेंगी डेयरी आउटलेट